VIDEO : शाहजहांपुर के खुटार में दर्दनाक हादसा, स्कूल बस की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत
खुटार के गांव हरिपुर निवासी गुरमेल सिंह के पुत्र 14 वर्षीय जीतपाल सिंह और नौ वर्षीय हरमीत सिंह गांव रूरा के संत सुखदेव सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा नौ और कक्षा दो में पढ़ते थे। बृहस्पतिवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे गुरमेल सिंह दोनों बच्चों को स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। गांव उदरा के पास गुरमेल सिंह स्कूटी खड़ी कर पेशाब करने चले गए। दोनों बच्चे स्कूटी के पास ही खड़े थे। इस बीच बच्चों को लेकर जा रही स्कूल बस ने दोनों भाइयों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया। जीतपाल और हरमीत की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरमेल सिंह की एक बेटी की बीमारी से पहले ही मौत हो चुकी है। दो बेटे थे, जिनकी हादसे में मौत हो गई।