Pilibhit News: बोलकर लिखवाई तहरीर, कार्रवाई का आश्वासन देकर थाने से टरकाया
बालक से कुकर्म का मामला, ताऊ ने लगाए गंभीर आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
कलीनगर। कक्षा चार के छात्र के साथ बाग में कुकर्म की घटना में पीड़ित पक्ष ने माधोटांडा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के ताऊ का कहना है कि एसओ ने बालक को अलग में ले जाकर पूछताछ की। तहरीर को बोलकर लिखवाया। कार्रवाई का आश्वासन देकर टरका दिया। यही नहीं आरोपी को तीन दिन तक थाने में बैठाने के बाद शांति भंग में चालान किया गया। एसओ के एफआईआर की कापी न देने पर परिजन को शक हुआ।
माधोटांडा क्षेत्र के एक गांव का 11 वर्षीय बालक कक्षा चार का छात्र है। दो नवंबर को घर के बाहर घूमते समय गांव का ही एक युवक उसे आम के बाग में ले गया। उसके साथ कुकर्म किया। विरोध करने पर गर्दन दबाई। जानवर खोलने बाग में पहुंचे बालक के ताऊ को देख आरोपी मौके से भाग गया।
जानकारी होने पर ताऊ पीड़ित को लेकर थाने पहुंचे। ताऊ का कहना है कि थाना प्रभारी ने बालक को अलग में ले जाकर पूछताछ की। फिर बोलकर तहरीर लिखवाई। तहरीर में कुकर्म की बात हटाकर मारपीट लिखवा दी गई। पीड़ित पक्ष को कार्रवाई का आश्वासन देकर घर भेज दिया गया।
आरोप है कि बाद में पुलिस ने खेल करते हुए आरोपी को पकड़कर तीन दिन तक थाने में ही बैठाए रखा। मामले को शांत होता देख शांति भंग में चालान कर मामला निपटा दिया गया।
000
दो माह पहले ही जेल से बाहर आया है आरोपी
जिस युवक पर बालक के साथ कुकर्म का आरोप लगा है उसपर पहले भी दुष्कर्म का मामला दर्ज हो चुका है। दो माह पहले ही आरोपी जेल से छूट कर बाहर आया है। इसके बाद बालक के साथ कुकर्म किया। हालांकि पुलिस मामले को दबाने में जुटी हुई है।
थाने में आकर पीड़ित पक्ष ने मारपीट का मामला बताया था। जिसके बाद आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। जांच में कुकर्म की बात सामने नहीं आई।- अचल कुमार, एसओ माधोटांडा