Bareilly News: फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी देश की 12 टीमें
बरेली। 20 से 26 दिसंबर तक आयोजित होने वाली अखिल भारतीय मेंस फुटबॉल टूर्नामेंट में देश के अलग-अलग हिस्सों की 12 टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रदेश की टीम यूपी कंबाइंड हॉस्टल की ओर से जिले के दो खिलाड़ी मुकेश गुप्ता और अबूजर भी जोर आजमाएंगे। वर्तमान में ये दोनों खिलाड़ी जिले की टीम में शानदार प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। कोच शमीम अहमद दोनों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी जितेंद्र यादव ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार से स्टेडियम के मैदान को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार करने के लिए काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए 22 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है।
मुकेश गुप्ता : वर्ष 2014 से फुटबॉल खेल रहे हैं। वर्तमान में जिले में हॉस्टल में रहकर तैयारी कर रहे हैं। हाल ही में नोएडा में आयोजित संतोष ट्रॉफी और जस्टिस मीर इकबाल हुसैन ट्रॉफी में खेल चुके हैं। अब तक राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपने प्रदर्शन का लोहा मनवा चुके हैं।
अबूजर : वह स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं। खेल में भी बेहतर प्रदर्शन कर प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। वह बताते हैं कि फुटबॉल उनके लिए सब कुछ है। वर्ष 2017 से फुटबॉल खेल रहे हैं। जस्टिस मीर इकबाल हुसैन ट्रॉफी समेत अन्य प्रतियोगिताओं में खेल चुके हैं। उन्होंने कई पदक भी अपने नाम किए हैं।
ये टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग हिस्सों की 12 टीमें शामिल होंगी। इनमें सहारा क्लब लखनऊ, मध्य प्रदेश इलेवन, पटना, बिहार इलेवन, उत्तराखंड, बोकारो स्टील, टाटा स्टील, सीआरपीएफ, कैग, सेल, यूपी कंबाइंड हॉस्टल, यूूपी इलेवन आदि टीमें शामिल हैं।



