Bareilly News: अधूरे विद्यालयों का होगा कायाकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Thu, 18 May 2023 01:48 AM IST
बरेली। जिले के परिषदीय विद्यालयों में कायाकल्प के तहत फर्नीचर और स्मार्ट क्लास की सौगात मिल सकती है। विद्यालयों में कायाकल्प के अधूरे मानकों को पूरा करने के लिए बुधवार को सीडीओ जग प्रवेश ने बैठक बुलाई। इसमें बीएसए विनय कुमार ने सभी परिषदीय विद्यालयों में फर्नीचर और स्मार्ट क्लास की व्यवस्था का प्रस्ताव रखा, जिसे सीडीओ ने मंजूरी दे दी है।
बीएसए ने बताया कि एक सप्ताह में सभी विद्यालयों में फर्नीचर की कमी को पूरा कर लिया जाएगा और करीब 90 फीसदी स्कूलों को स्मार्ट क्लास मिल जाएगी। हालांकि स्कूलों में स्मार्ट क्लास को लेकर विभाग पहले से ही सक्रिय है। हाल ही में करीब तीन सौ विद्यालयों में स्मार्ट टीवी और अन्य संसाधनों की व्यवस्था की गई है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक सप्ताह भर में करीब 2300 यानि करीब 92 फीसदी स्कूलों को स्मार्ट क्लास से जोड़ा जाएगा। साथ ही फर्नीचर की कमी को लेकर भी विभाग की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ज्यादातर विद्यालयों में जनप्रतिनिधियों की मदद से फर्नीचर की व्यवस्था कराई गई है। वर्तमान में करीब छह सौ स्कूलों में फर्नीचर के लिए प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।



