Lakhimpur Kheri News: युवक का मुंह काला किया, जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया
बदायूं/कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका के परिजनों ने युवक का मुंह काला किया और जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया। उसकी जूते और चप्पलों से पिटाई भी की गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात है। पुलिस ने महिला समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक पंजाब में रहकर मेहनत मजदूरी करता था। उसका गांव की ही एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती अपने परिजनों के साथ दिल्ली में रहती थी। 20 मई को युवक अपनी प्रेमिका को दिल्ली से ले गया था। युवती के परिजनों ने उस पर दबाव बनाया तो उसने चार दिन बाद युवती को वापस दिल्ली छोड़ दिया।
शनिवार को युवती के परिजनों ने बहाने से उसको गांव में बुला लिया। युवक जैसे ही आया, प्रेमिका के परिजनों ने उसको पकड़ लिया। इसके बाद मुंह कालिख पोत दी। गले में जूतों की माला पहनाकर उसको गांव में घुमाया गया। रविवार की सुबह घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने गांव जाकर कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
जूते-चप्पलों से पिटाई के कारण चोटिल हुए युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। पुलिस ने युवक की तहरीर पर आरोपी राजपाल उर्फ राजू, धर्मेंंद्र, आकाश, अनीता के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
रोते हुए प्रेमिका ने भी चप्पलें मारीं
युवक का मुंह काला कर उसको जूतों की माला पहनाई गई तो उसकी प्रेमिका रोने लगी। प्रेमी की पिटाई देख उसके आंसू नहीं थम रहे थे। इस पर परिजनों ने प्रेमिका के हाथ में भी चप्पल दी और उसपर पिटाई करने का दबाव बनाया। प्रेमिका ने रोते हुए उसको चप्पल मारी और बहुत हल्के से उसके हाथ भी मारा। इसके बाद वह और ज्यादा रोने लगी। यह दृश्य भी वीडियो में कैद है।
मामले की जानकारी होते ही पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
– आलोक मिश्रा, सीओ सिटी