उत्तर से दक्षिण तक की ट्रेनें फुल: घूमने वालों के लिए कश्मीर हुआ दूर, टैक्सी से जयपुर जाने को मजबूर

ट्रेनों में नहीं मिल रहे कंफर्म टिकट
– फोटो : iStock
विस्तार
गर्मी की छुट्टियों में किसी को कश्मीर जाना है तो किसी को गुलाबी शहर जयपुर की सैर करनी है। कोई महाकाल के दर्शन का इच्छुक है तो कुछ लोग दक्षिण की सैर करना चाहते हैं। तपते जेठ में हिल स्टेशन लोगों की पहली पसंद हैं, लेकिन बरेली से होकर गुजरने वाली अधिकतर ट्रेनों में आरक्षित सीटें नहीं मिलने से उनकी छुट्टियां बेकार हो रही हैं। अब कोई टैक्सी से जयपुर जाने की योजना बना रहा है तो किसी ने हवाई सफर चुना है।
ट्रेनों में वेटिंग होने का फायदा निजी टूर ऑपरेटर उठा रहे हैं। टूर एंड ट्रेवल्स एजेंसी संचालक जगदीश सिंह राठौर के मुताबिक कई साल बाद इस बार ऐसी स्थिति बनी है कि सभी वाहनों की एडवांस बुकिंग हो गई है। नैनीताल, जागेश्वर, बद्रीनाथ, केदारनाथ, हरिद्वार, ऋषिकेश, गोवर्धन, खाटू श्याम, आगरा, गोला, कैंची धाम, काशी विश्वनाथ आदि जगहों की बुकिंग हुई हैं। शहर से रोज करीब दो हजार लोग रवाना हो रहे हैं।
कश्मीर जाने की होड़
कश्मीर जाने के लिए लोगों में होड़ मची है। पवित्र अमरनाथ यात्रा भी एक जुलाई से शुरू हो रही है। बरेली होते हुए जम्मू की ओर जाने वाले सभी आठ ट्रेनों में धड़ाधड़ टिकट बुक हो रहे हैं। जुलाई के पहले सप्ताह में ज्यादातर ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे। प्रतीक्षा सूची लंबी होती जा रही है। हालांकि, कुछ ट्रेनों की एसी प्रथम श्रेणी में सीटें उपलब्ध हैं।



