Pilibhit News: टेंडर के पेच में फंसी यशवंतरी और जिला अस्पताल की रोड

गड्ढों में तब्दील यशवंतरी देवी मंदिर रोड। संवाद
– निकाय चुनाव को लेकर टला था निर्माण, अब तक लोग कर रहे इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। बजट पास होने के बाद भी टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं किए जाने से यशवंतरी मंदिर और जिला अस्पताल रोड का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में लोगों को गड्ढों वाली सड़क से सफर करना पड़ रहा है।
देश नगर मठिया से आवास विकास चौराहा तक पूरी रोड काफी खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। सड़क की हालत को लेकर निकाय चुनाव से पहले नवरात्र के दौरान लोगों ने सड़क पर बैठकर धरना दिया था। इसके बाद प्रशासन ने सड़क निर्माण कराने के नगर पालिका को निर्देश दिए थे। सड़क के लिए 37 लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया।
बजट जारी हुआ, इसके साथ ही निकाय चुनाव की अधिसूचना भी जारी हो गई। सड़क पर गड्ढों को भरवाने के बाद पालिका ने बजट जारी होने के बाद निर्माण की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है।
यशवंतरी देवी मंदिर रोड के साथ ही 27 लाख रुपये की लागत से जिला अस्पताल-टनकपुर रोड का निर्माण कार्य भी कराया जाना है। बजट मंजूर हो चुका है। लेकिन यहां भी टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं होने से निर्माण शुरू नहीं हुआ है।



