Budaun News: पौधे सुधारेंगे ढाई हजार बीघा जमीन की सेहत

ग्राम जरौना कुल्हा में वन महोत्सव हेतु भूमि का निरीक्षण करते एडीएम। संवाद
बदायूं/दातागंज। तहसील क्षेत्र के गांव कुल्ला जरौना में निष्प्रयोज्य पड़ी करीब ढाई हजार बीघा सरकारी जमीन की हालत सुधरने जा रही है। अब जिला प्रशासनिक अधिकारियों ने वहां टीम लगाकर पौधे लगाने का निर्णय लिया है। जल संचयन की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकी जमीन के सेहत सुधर सके।
ग्राम कुल्ला जरौना में करीब ढाई हजार बीघा सरकारी जमीन बंजर होने के कारण निष्प्रयोज्य पड़ी है। यहां खेतीबाड़ी नहीं हो सकती, लेकिन पौधरोपण संभव है। प्रशासनिक अधिकारी भी लंबे समय से इस जमीन की सेहत सुधारने में लगे हैं। पिछले दिनों भी अधिकारियों ने ब्लॉक से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की थी, जिससे कुल्ला जरौना गांव की हालत में सुधार आ सके। इस संबंध में एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार पटेल और एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह बुधवार को कुल्ला जरौना गांव पहुंचे।
उन्होंने सरकारी जमीन का निरीक्षण करते हुए कहा कि यहां अभियान चलाकर पौधरोपण किया जाएगा, इससे भूमि में सुधार होगा। एसडीएम दातागंज ने कहा कि यहां लगाए जाने वाले पौधे की संख्या और संरक्षण के विषय पर अभी विचार विमर्श बाकी है। इसके अलावा जल संचयन की व्यवस्था की जाएगी। इससे आसपास क्षेत्र की भी सेहत सुधरेगी। एडीएम ने कहा कि पौधारोपण से पर्यावरण सुधरेगा, जलस्तर में बढ़ोतरी होगी। यहां टीम को लगाकर कार्ययोजना को जल्द ही अंजाम दिया जाएगा।
कब्जा मुक्त भी होगी जमीन
कुल्ला जरौना गांव में जिस जमीन को पौधरोपण के लिए चिह्नित किया गया है, वहां कई लोगों ने अवैध कब्जे कर रखे हैं, जिन्हें हटवाया जाएगा। तत्कालीन डीएम दिनेश कुमार सिंह ने भी यहां पौधरोपण कराया था, लेकिन कब्जेदारों ने पौधे उखाड़कर फेंक दिए थे। अब अधिकारी यहां निगाह बनाए हुए हैं।