अश्लीलता के मामले में नया मोड़: हनीट्रैप का बताया जा रहा मामला, मुकदमा कराने वाली महिला पर ही लग रहे आरोप

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
बरेली में अश्लीलता के मामले में फंसकर निलंबित हुए पीलीभीत के थाना घुंघचई के एसओ पर रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला भी जांच के घेरे में आ गई है। उसके खिलाफ शिकायतें शुरू हो गई हैं। उसे हनीट्रैप की मास्टरमाइंड बताकर अफसरों को साक्ष्य सौंपने का दावा किया जा रहा है। वहीं, महिला की ओर से भी शिकायतें की जा रही हैं। एसएसपी सभी शिकायतों की जांच करा रहे हैं।
हाल ही में शहर की एक महिला की ओर से बारादरी थाने में रिपोर्ट कराई गई थी। इसमें पीलीभीत थाने के घुंघचई में तैनात एसओ राजेंद्र सिंह सिरोही को नामजद किया गया था। बरेली एसएसपी की रिपोर्ट पर पीलीभीत एसपी ने सिरोही को निलंबित कर दिया था। अब इस मामले को हनीट्रैप से जोड़कर शिकायतें की जा रही हैं।
संजय नगर की महिला ने रिपोर्ट कराने वाली महिला के कथित पत्रकार देवर पर अपने साथ दुष्कर्म करने और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाकर बारादरी थाने में तहरीर दी है। साथ ही महिला के बेटे पर अपनी बेटी से छेड़खानी का आरोप भी लगाया है। बताया है कि महिला व पत्रकार दोनों मिलकर लोगों को फंसाते हैं और वीडियो बनाते हैं। कई पुलिसकर्मियों को भी ये फंसा चुके हैं।



