पीलीभीत

Pilibhit News: लौट गया बजट, नहीं खरीद सके विद्यालयों के लिए फर्नीचर

Connect News 24

पीलीभीत। जिले के छह राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में फर्नीचर खरीदने के लिए आया बजट वापस चला गया। समय रहते जिम्मेदार विभागीय प्रक्रिया को अपनाते हुए फर्नीचर नहीं खरीद सके। इस वजह से अब इन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं समेत शिक्षकों को परेशानी होगी। अब अगली बार कब बजट आएगा, इस बारे में कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता।

शैक्षिक सत्र 2022-23 में ही राजकीय हाईस्कूल महोफ, खनका, इलाहाबाद सिमरा, आमडार और जमुनिया के अलावा खिड़किया बरगदिया में नया फर्नीचर मुहैया कराया जाना था। जिससे छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के दौरान दिक्कत न हो। पुराना फर्नीचर बेहद जर्जर हालत में है। इसके अलावा शिक्षकों के बैठने की कुर्सियां भी मंगवाई जानी थी। यह काम शैक्षिक सत्र शुरु होने के एक माह पहले ही पूरा होना था।

इस बारे में डीआईओएस गिरिजेश कुमार ने भी बताया था कि टेंडर जारी किया गया लेकिन तीन फर्मों को काम पूरा करना था। आवेदन एक फर्म ने किया। ऐसे में इस टेंडर को निरस्त करना पड़ा। डीआईओएस ने दोबारा टेंडर जारी कर फर्नीचर की खरीद कराने की बात कही लेकिन ये टेंडर दोबारा जारी नहीं हो सका। अब इन विद्यालयों को फर्नीचर नहीं मिल सकेगा। जिससे सत्र की शुरुआत में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को परेशानी हो सकती है। विभागीय जिम्मेदार अब बजट का रास्ता देख रहे हैं।

फिर बजट आए तो हो खरीद

काम कराने का समय पूरा हो गया था। एक बार टेंडर जारी किया गया लेकिन पर्याप्त फर्म न मिलने से ये टेंडर निरस्त कर दिया गया। दोबारा टेंडर जारी करने की योजना थी। अब पैसा शासन को वापस हो गया है। ऐसे में फिर से बजट आए तो टेंडर जारी कर फर्नीचर खरीदा जाए। – गिरिजेश कुमार, डीआईओएस


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button