Bareilly News: डीपी पर सीडीओ का फोटो लगाकर अधिकारियों से ठगी की कोशिश
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Fri, 16 Jun 2023 02:23 AM IST
बरेली। व्हाट्सएप की डीपी पर सीडीओ का फोटो लगाकर जालसाज ने डीसी मनरेगा गंगाराम और पीडी डीआरडीए तेजवंत सिंह से ठगी की कोशिश की। दोनों अधिकारियों को व्हाट्एप मैसेज कर रुपयों की मांग की गई। झांसे में आए बिना अधिकारियों ने मेसेज करने वाले को कॉल की तो उसने रिसीव नहीं की। बाद में मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया।
डीसी मनरेगा गंगाराम और पीडी डीआरडीए तेजवंत सिंह बृहस्पतिवार दोपहर 1 बजे विकास भवन में बैठे थे। इसी दौरान पहले डीसी मनरेगा के व्हाट्सएप पर मेसेज आया। मेसेज करने वाले की डीपी पर पूर्व में सीडीओ रहे चंद्रमोहन का फोटो लगा था। इसके बाद पीडी के व्हाट्सएप पर भी इसी इसी नंबर से मेसेज आया। इस बार डीपी पर मौजूदा सीडीओ जग प्रवेश का फोटो लगा था। मेसेज करने वाले ने दोनों अधिकारियों से कुछ रुपयों की जरूरत होने की बात कही। हालांकि, उसने कितने रुपये चाहिए, यह मेसेज में नहीं लिखा था।
दोनों अधिकारियों ने मेसेज एक-दूसरे को दिखाया। इसके बाद मेसेज करने वाले को कॉल की तो उसने रिसीव नहीं की और व्हाट्सएप की डीपी से डीसीओ का फोटो भी हटा दिया। मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। अधिकारियों ने इस संबंध में पुलिस में कोई शिकायत नहीं की है।



