पीलीभीत

Pilibhit News: अनधिकृत रूप से सड़कों पर फर्राटा भर रहे इको वैन चालक

Connect News 24

-नियमों का किया जा रहा उल्लंघन, बिना पंजीकरण के ही चल रहे वाहन

संवाद न्यूज एजेंसी

पीलीभीत। जिले की सड़कों पर धड़ल्ले से अवैध रूप से टैक्सी के रूप में इको वाहनों का संचालन किया जा रहा है। परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ 100 से 150 वाहन ही टैक्सी में पंजीकृत हैं। वहीं हालात यह है कि जिले के अलग-अलग मार्गों पर करीब 300 इको वाहनों को नियमों का माखौल उड़ाते हुए संचालित होते हुए देखा जा सकता है।

विभागीय अनदेखी के चलते जिले की पूरनपुर रोड, बरेली रोड पर सैकड़ों की तादाद में अवैध रूप से इको वैन का संचालन किया जा रहा है। इनका परिवहन विभाग में किसी भी तरह का कोई भी पंजीकरण नहीं है। अकेले बरेली रोड पर ही 50 से ज्यादा इको गाड़ियां चल रहीं हैं। इनमें से कई वाहनों में एलपीजी गैस को लगाकर चलाया जा रहा है। जो कभी भी हादसे का सबब बन सकती हैं।

इसके बावजूद कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक महीने में लगभग 30 से 35 गाड़ियों का चालान किया जाता है। इसके बाद भी संचालन नहीं रुकता।

चौकी और पुलिसवालों की मेहरबानी

चालकों से सवारियां बनकर जब बात की गई तो उनका कहना था कि पंजीकरण है या नहीं इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। चौकी और ट्रैफिक पुलिस को हर माह रुपया दे दिया जाता है।

एक जून तक हटाया जाना है स्टैंड

मुख्यमंत्री ने एक जून तक अवैध स्टैंडों को हटाए जाने के आदेश दिए थे, लेकिन यहां पुलिसकर्मियों ने स्टैंडों को कागजों में हटवाया। स्टैंड अब भी चल रहे हैं।

बंद हो जाए संचालन तो आय बढ़े : एआरएम

रोडवेज डिपो के एआरएम विजय कुमार गंगवार ने बताया है कि अगर वैनों का संचालन बंद हो जाए तो डेढ़ लाख रुपये तक रोजाना रोडवेज डिपो की आय बढ़ जाएगी। कई बार एआरटीओ को शिकायत की जा चुकी है, मगर कार्रवाई नहीं हुई।

लगभग 100 से 150 इको वैन का पंजीकरण है। कुछ गाड़ियां बरेली में पंजीकृत हैं। जो गाड़िया पंजीकृत नहीं है, उन पर कार्रवाई की जाती है।

– वीरेंद्र सिंह, एआरटीओ।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button