पीलीभीत

Pilibhit News: छात्र को घर से लेजाकर पीटने वालों पर पुलिस मेहरबान

Connect News 24

दरोगा ने जांच करने की बात कहकर मामले को लटकाया

संवाद न्यूज एजेंसी

पीलीभीत। छात्र को घर से लेजाकर हमलावरों ने लोहे के पंच सिर पर मारकर लहूलुहान कर दिया। जैसे-तैसे पुलिस अफसरों के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज हो सकी लेकिन अब पुलिस इसमें कार्रवाई नहीं कर रही। दरोगा ने जांच के नाम पर मामले को लटका दिया है। वहीं छात्र के पिता का कहना है कि उसे धमकियां मिल रहीं हैं। रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। उसने एडीजी को ट्वीट कर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोहतिशम खां निवासी विक्रम शर्मा ने बताया है कि उनका पुत्र निशांत शहर के एक प्राइवेट स्कूल का छात्र है।

आठ जून की रात साढ़े आठ बजे डोरीलाल मोहल्ले का विष्णु व उसका साथी प्रिंस घर आए व निशांत को साथ ले गए। मोहल्ला शेरमोहम्मद में एक जूनियर हाईस्कूल के मैदान पर ले जाकर निशांत की बेरहमी से पिटाई की गई। सिर पर लोहे के पंच मारे गए। जिससे वह लहूलुहान हो गया। मुश्किल से पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। लेकिन अब पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।

कोतवाली के दरोगा विकास कुमार जांच करने की बात कहकर मामले को टरका रहे हैं। किस बात की जांच की जा रही है दरोगा यह बात परिजनों को नहीं बता रहे हैं। वहीं छात्र के पिता विक्रम शर्मा का कहना है कि उन पर दबाव बनाया जा रहा है रिपोर्ट वापस ले लें नहीं तो उल्टा उनके ऊपर रिपोर्ट दर्ज करा दी जाएगी।

छात्र के पिता का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के यहां अब तक दबिश नहीं दी। जबकि उन पर तरह-तरह से दबाव बनाया जा रहा है। जांच कर रहे दरोगा विकास कुमार का कहना है कि दो बार पीड़ित का मेडिकल कराया जा चुका है। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button