Budaun News: पति की हत्या के आरोप में घिरी महिला सास को पीटकर फरार
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया था। इसके बाद उसकी मौत हो गई। उसकी मौत के बाद युवक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर जहर देने का आरोप लगाया। इन्हीं आरोपों के बीच अब महिला अपनी सास की पिटाई कर फरार हो गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की है।
बीती 29 मई को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अपने साढ़ू के घर पर युवक बेहोश मिला था। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। उसको जिला अस्पताल लाया गया, जहां जहरीला पदार्थ खाने की पुष्टि की गई। जिला अस्पताल से युवक की हालत गंभीर बताते हुए उसको बरेली रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद उसके परिजनों ने उसकी पत्नी और ससुरालीजनों पर खाने में जहरीला पदार्थ देकर हत्या का आरोप लगाया था।
पुलिस आरोपों की जांच कर रही थी। इसी बीच बुधवार की शाम युवक की पत्नी अपनी सास की पिटाई करने के बाद घर से फरार हो गई। युवक के मौसेरे भाई ने पुलिस से शिकायत की है। इस संबंध में एसएचओ गौरव विश्नोई का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी सच सामने आएगा उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।