Budaun News: मनरेगा घोटाले के आरोप में प्रधान और पूर्व प्रधान पर एफआईआर
म्याऊ (बदायूं)। रिजोला गांव में एक ही सड़क को कागजों में कई बार बनाना दिखाकर धनराशि निकालने के आरोप में उसहैत पुलिस ने पूर्व प्रधान ममता शाक्य और मौजूदा ग्राम प्रधान यादवेंद्र शाक्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
ग्राम दलेलनगर निवासी प्रमोद शाक्य ने वर्ष 2020 में न्यायालय में परिवाद दायर किया था। प्रमोद के अनुसार गांव में एक ही सड़क को कई बार श्रमिकों से कागजों में बनवाना दिखाकर धनराशि निकाल ली गई। गांव में अमृत सरोवर पर जेसीबी से खोदाई कराई, जबकि मनरेगा श्रमिकों से काम कराया जाना दिखाकर रकम निकाली गई है।
उसहैत पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मामले में प्रधान यादवेंद्र शाक्य और पूर्व प्रधान ममता शाक्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इस संबंध में यादवेंद्र शाक्य ने बताया कि पहले भी डीएम ने कमेटी बनाकर जांच कराई गई थी। इसमें वह निर्दोष साबित हुए थे। कोर्ट ने भी सभी आरोप खारिज कर दिए थे। इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर एफआईआर हुई है। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।