बदायूं

Budaun News: स्नातक में प्रवेश के लिए पंजीकरण आज से, दिशानिर्देश जारी

Connect News 24

बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सत्र 2023-24 में स्नातक स्तर पर प्रवेश के लिए गाइडलाइन शुक्रवार को जारी कर दी है। 17 जून से प्रवेश के लिए विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तिथि छह जुलाई है। प्रवेश प्रक्रिया मेरिट के आधार पर होगी।

कुलसचिव डाॅ. राजीव चौधरी द्वारा जारी निर्देश में कहा है कि विद्यार्थियों और संबद्ध कॉलेजों के सुझाव के तहत प्रवेश प्रक्रिया को मेरिट के आधार पर पूरी किए जाने का निर्णय लिया गया है। कॉलेजों को ही पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रवेश ऑनलाइन मोड पर होंगे। आरक्षण के मानकों और सरकार द्वारा निर्धारित गाइडलाइन को ध्यान में रखना होगा। प्रवेश के लिए पोर्टल पर आवेदन करते समय 150 रुपये पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा। विद्यार्थी अधिकतम 10 कॉलेजों का विकल्प चुन सकते हैं।

किसी कॉलेज द्वारा प्रवेश नियमावली का उल्लंघन किए जाने पर प्रवेश पंजीकरण निरस्त करने की चेतावनी दी है। विद्यार्थियों तक प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाने के लिए कॉलेजों को अपने स्तर से प्रचार-प्रसार करना होगा। कॉलेजों को प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी कर मेरिट तैयार करनी होगी।

जमा करने होंगे मूल दस्तावेज

मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद प्रवेश के लिए पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेज कॉलेज में जमा करने होंगे। इसमें आरक्षण, शैक्षिक व अन्य दस्तावेज शामिल हैं। प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने पर कॉलेजों को लॉगिन आईडी के जरिये अंतिम तिथि से पहले विश्वविद्यालय के पोर्टल पर प्रवेश की पुष्टि दर्ज करना अनिवार्य है। हालांकि, इससे पहले विद्यार्थियों से जमा कराए गए दस्तावेजों की जांच जरूर कर लें ताकि किसी स्तर पर कोई खामी न रहे। अन्यथा की स्थिति में संबंधित कॉलेज ही जिम्मेदार होंगे।

जल्द जारी हो सकती है पीजी प्रवेश की गाइडलाइन

कुलसचिव के मुताबिक स्नातक प्रवेश का कार्यक्रम जारी होने के बाद जल्द ही परास्नातक में प्रवेश के संबंध में दिशानिर्देश जारी होंगे। स्नातक स्तर पर प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में मेरिट लिस्ट तैयार होने के बाद उन्हें प्रदर्शित करने के संबंध में अलग से कार्यक्रम का नोटिस जारी होगा। प्रवेश नई शिक्षा नीति के तहत होंगे। किसी तरह की दिक्कत होने पर सूचना देने को कहा है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button