Pilibhit News: चार दिन में ही ध्वस्त हो गया 80 लाख से बना नाला

बीसलपुर के गांव भोगापुर के निकट नहर का नाले में जाता पानी। संवाद
बीसलपुर। गांव भोगापुर के पास नहर विभाग द्वारा तीन माह पहले करीब 80 लाख की लागत से बनवाया गया नाला पानी छोड़ने के बाद चार दिन में ही ध्वस्त हो गया। नाले का करीब 20 मीटर हिस्सा टूटकर पानी के साथ बह गया। यह हाल तब है जब अभी बरसात भी शुरू नहीं हुई है। इससे नाला निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई अधिकारी हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा है।
भोगापुर की प्रधान लड़ैती देवी ने बताया कि नहर विभाग के अधिकारियों ने करीब तीन माह पहले बीसलपुर नगर के पूरब से गुजर रही बीसलपुर ब्रांच से खेतों तक नहर का पानी लाने के लिए करीब तीन सौ मीटर लंबा पक्का नाला बनवाया था। नाला बनने से किसान खुश थे कि अब उनके खेतों को सिंचाई के लिए सुगमता से नहर का पानी मिल जाएगा, लेकिन किसानों की यह खुशी ज्यादा दिन नहीं टिक पाई।
नाला बनने के बाद विभाग ने चार दिन पहले जब इसमें नहर का पानी छोड़ा तो करीब 20 मीटर हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। नाला ध्वस्त होने से नाले में आ रहा नहर का पानी थोड़ी दूरी पर बह रही कटना नदी में जाने लगा। ग्राम प्रधान ने उसी दिन नहर विभाग के अधिकारियों को नाला ध्वस्त होने सूचना फोन पर दे दी। इसके बावजूद नहर विभाग के अधिकारियों ने नाले का निरीक्षण करना तो दूर नहर से उसमें आ रहा पानी तक बंद नहीं कराया है। इससे पानी बर्बाद हो रहा है। चार दिन में ही नाला ध्वस्त होने से साफ है कि इसके निर्माण में जमकर धांधली हुई है।
इस बाबत नहर विभाग के सहायक अभियंता विशाल मिश्र ने बताया कि नहर में पानी निर्धारित से ज्यादा मात्रा में छोड़ दिया गया। पानी का दबाव नाले में बढ़ा तो उसका कुछ हिस्सा ध्वस्त हो गया। शुक्रवार को क्षेत्रीय अवर अभियंता को मौके पर भेजा जाएगा।