Bareilly News: आंवला-रामनगर रोड के चौड़ीकरण पर खर्च होंगे 153 करोड़
बरेली। आंवला-रामनगर मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए एस्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया है। एस्टीमेट को तकनीकी और वित्तीय कमेटियों के समक्ष रखा जाएगा। करीब 46.700 किमी के मार्ग के चौड़ीकरण को जल्द बजट मिलने की उम्मीद है।
आंवला-रामनगर की दूरी करीब 46.700 किमी है। जिले के प्रमुख मार्गों में शामिल इस रोड पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इस समय रोड की चौड़ाई सात मीटर है। अब रोड की चौड़ाई 10 मीटर की जाएगी। 46.700 किमी रोड की दोनों ओर 1.50-1.50 मीटर चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। चौड़ीकरण के लिए रोड के दोनों ओर पेड़ भी काटे जाएंगे। इसके लिए वन विभाग और लोक निर्माण विभाग ने पेड़ों की गणना शुरू कर दी है।
सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग ओमकार सिंह ने बताया कि आंवला-रामनगर रोड का चौड़ीकरण प्रस्तावित है। 46.700 मीटर रोड के चौड़ीकरण के लिए 153 करोड़ का एस्टीमेट भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।



