रामपुर

Rampur News: घरेलू लाइन से स्टोन क्रशर की लाइन जोड़ने पर भड़के किसान

Connect News 24

दढि़याल। बिजली की अघोषित कटौती और लोवोल्टेज की समस्या से त्रस्त स्थानीय किसानों का पारा शुक्रवार की रात करीब 9 बजे उस समय चढ़ गया जब उन्हें ज्ञात हुआ कि बिजली कर्मियों ने अवैध रूप से घरेलू लाइन से स्टोन क्रशर की लाइन को जोड़ दिया है। सूचना पर भाकियू के जिला उपाध्यक्ष बलजीत सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान एकत्र होकर बिजलीघर पहुंच गए। इस दौरान बिजलीघर पर किसी अधिकारी के नहीं मिलने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस समस्या को लेकर भाकियू कार्यकर्ता एवं ग्रामीण शनिवार सुबह 9 बजे पुन: एकत्र होकर बिजली घर पहुंचे और अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ गए। सूचना के बाद उपखंड अधिकारी शिवम सिंह और अवर अभियंता विजयपाल सिंह बिजलीघर पहुंचे और किसानों के बीच बैठकर वार्ता की। किसानों ने बिजली की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। किसानों का कहना था कि अकसर बिजली कर्मी क्रशर मालिकों से सांठगांठ कर अलग लाइन होने के बावजूद घरेलू लाइन से क्रशर की लाइन को जोड़ देते हैं अथवा उनकी लाइन को बंद कर क्रशरों को बिजली आपूर्ति करते हैं इससे उन्हें 24 घंटों में 8 घंटे भी बिजली मिलना दुश्वार हो गया है।

आरोप लगाया कि जो बिजली मिलती है उसमें भी लो वोल्टेज की समस्या रहती है। लो वोल्टेज और बिजली की अघोषित कटौती से किसान पानी के लिए तरस रहे हैं उनकी फसलें सूख रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से शेड्यूल के अनुसार बिजली देने, बिजलीघर पर 5 एमवीए के स्थान पर 10 एमवीए का दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने, घरेलू लाइन से क्रेशरों को पूर्णतया अलग रखने, लोहर्रा और खांडीखेड़ा फीडर को अलग-अलग करने, नलकूपों के लिए 18 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित करने और 33 केवीए हाईटेंशन लाइन के जर्जर तारों को बदलने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

एसडीओ शिवम सिंह द्वारा समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया जिसके बाद किसान धरने से उठ गए। हालांकि किसानों ने 10 दिनों के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। धरना प्रदर्शन में वरिष्ठ भाकियू नेता चौधरी राजपाल सिंह, हैप्पी सिंह, राशिद चौधरी, निशान सिंह, अख्तर अली, बलवंत सिंह, रोहतास सैनी, रेशम सिंह, दारा खां, गुरविंदर सिंह, हीरालाल, गुरबाज सिंह और मंजीत सिंह आदि किसान उपस्थित थे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button