Rampur News: बाजपुर के एसडीएम ने मिट्टी से लदा डंपर पकड़ा, ग्रामीणों ने हंगामा कर डंपर छुड़ाया
मसवासी (रामपुर)। पट्टीकला कोसी नदी क्षेत्र से मिट्टी लादकर ला रहा ओवरलोड डंपर उत्तराखंड के बाजपुर एसडीएम ने रोक लिया। सूचना मिलने पर तमाम ग्रामीण एकत्र हो गए और हंगामा खड़ा कर घेराव कर लिया और उन्होंने डंपर छुड़ा लिया।
सोमवार को एक डंपर उत्तराखंड की सीमा में कोसी नदी क्षेत्र से मिट्टी भरकर उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित पट्टीकलां गांव की ओर आ रहा था कि पीछे से बाजपुर एसडीएम राकेश तिवारी और राजस्व टीम डंपर के पीछे लग गई। टीम ने डंपर को घोसीपुरा के निकट तिराहे पर रोक लिया और उसे अपने साथ सुल्तानपुर पट्टी चौकी ले जाने लगे। चालक ने बीच मार्ग पर ही डंपर को बंद कर दिया। इसके चलते आवागमन प्रभावित होने लगा। बाजपुर के एसडीएम द्वारा डंपर पकड़े जाने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर आ गए और उन्होंने डंपर ले जाने का विरोध करना शुरू कर दिया।
इस दौरान राजस्व प्रशासन और ग्रामीणों में काफी तीखी नोकझोंक हुई। इस मामले की सूचना पाकर गांव के कई लोग मौके पर आ गए और उनकी एसडीएम से जमकर नोकझोंक हुई। ग्रामीणों के बढ़ते विरोध को देखते हुए बाजपुर एसडीएम और राजस्व प्रशासन बैकफुट पर आ गया। उसने डंपर को सुल्तानपुर पट्टी चौकी ले जाने के बजाए मजबूरन डंपर छोड़ना पड़ा । बाजपुर एसडीएम ने राकेश तिवारी ने बताया की डंपर अवैध रूप से उत्तराखंड की सीमा से मिट्टी का अवैध खनन भरकर यूपी की सीमा में प्रवेश कर चुका था जिसे रोका गया तो ग्रामीणों ने विरोध किया है। आइंदा उत्तराखंड की सीमा में अवैध खनन न करने की हिदायत देकर छोड़ा गया है।

