रामपुर

Rampur News: मॉडल शाॅप के रूप में विकसित होंगी जिले की राशन की 75 दुकानें

Connect News 24

रामपुर। कार्डधारकों को राशन लेने के लिए अब डीलर के घर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अभी राशन की दुकानें डीलरों के घर या उनकी निजी जमीन में होती हैं, लेकिन अब ये व्यवस्था बदलने जा रही है। अब राशन की दुकानें माॅडल शाॅप कहलाएंगी और ये सरकारी जमीन पर होंगी। गांवों में ये पंचायत घर और शहरों में सामुदायिक भवन के निकट होंगी। जिले में पहले चरण में 75 राशन की दुकानों को मॉडल शॉप के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए जगह भी चिह्नित की जा चुकी है।

बरेली मॉडल की तर्ज पर प्रदेश के सभी जिलों में राशन की मॉडल शॉप बनाने का काम शुरू हो चुका है। इसी क्रम में जिले में भी यह व्यवस्था शुरू की जा रही है। पहले प्रत्येक ब्लॉक में एक-एक मॉडल शॉप बनाने का आदेश जारी हुआ था, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। पहले चरण में 75 राशन की दुकानें मॉडल शॉप के रूप में परिवर्तित की जाएंगी। इसके लिए चार हजार यूनिट पर एक मॉडल शॉप बनाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील ने बताया कि मॉडल शॉप के लिए जिले में 144 स्थानों का चयन कर रिपोर्ट संबंधित खंड विकास अधिकारी व निकाय के अधिशासी अधिकारियों को दी जा चुकी है। इन्हीं में 75 स्थानों पर मॉडल शॉप बनाने का काम शुरू होगा।

राशन डीलर बदलने पर भी नहीं बदलेगी दुकान

राशन की दुकान यानी मॉडल शॉप को सरकारी जमीन पर बनाया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि राशन डीलर बदल जाने के बाद भी दुकान का स्थान नहीं बदलेगा, जिससे लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। सभी नगर पंचायत और नगर पालिकाओं में एक-एक माॅडल शाप का निर्माण कराया जाना सुनिश्चित किया गया है। गांवों में मॉडल शॉप का निर्माण पंचायती राज विभाग और निकायों में नगर विकास विभाग की ओर से होगा। दुकान निर्माण में मनरेगा के श्रमिक कार्य करेंगे।

मॉडल शॉप पर मिलेंगी सीएससी की सुविधाएं

मॉडल शॉप पर कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की सुविधाएं मिलेंगी। बिजली बिल जमा करने के साथ, ऑनलाइन प्रमाण पत्र बन सकेंगे। इसके अलावा पीएम वाणी योजना के तहत ब्रॉडबैंड सेवा उपलब्ध कराने के साथ ही आम जनमानस की रोजमर्रा की आवश्यकता की वस्तुओं के बिक्री की भी अनुमति प्रदान की गई है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button