Budaun News: गुरु पूर्णिमा पर गंगास्नान आज, जुटेंगे लाखों श्रद्धालु
उझानी। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को गंगाघाट पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात व्यवस्था के इंतजाम कर दिए गए हैं। साथ ही गंगा घाट पर पुलिस बल के अलावा मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। रूट डायवर्जन भी किया गया है।
सोमवार को गुरुपूर्णिमा पर गंगास्नान किया जाएगा। ऐसे में कछला गंगाघाट पर बदायूं समेत कासगंज, एटा, मथुरा, राजस्थान, आगरा आदि में काफी संख्या में श्रद्धालुओं का आना होगा। ऐसे में यह श्रद्धालु बस, ट्रेन के अलावा अपने-अपने वाहनों से आएंगे। इससे कछला में जाम लग सकता है। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके लिए डीएम मनोज कुमार ने मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। जिसमें एसडीएम सदर सुखलाल प्रसाद वर्मा को कछला घाट बदायूं की ओर, जिला राजस्व अधिकारी प्रवर्धन शर्मा को कछला घाट कासगंज की ओर व नायब तहसीलदार सदर धर्मेंद्र कुमार सिंह को कछला पुल पर तैनात किया है। इसके अलावा दातागंज एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह को अटैना घाट, दातागंज तहसीलदार शिव कुमार शर्मा को भुंडी घाट, दातागंज नायब तहसीलदार छविराम को बेलाडांडी घाट पर तैनात किया है।
बदायूं-कछला रोड पर सात जुलाई से लागू होगा रूटडायवर्जन
बदायूं। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रावण मास की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके तहत सात जुलाई से बदायूं-कछला रोड पर रूटडायवर्जन लागू किया जाएगा। इस दौरान बदायूं-कछला रूट पर अन्य वाहनों का आना-जाना प्रतिबंध कर दिया जाएगा।
फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर से आगरा कासगंज जाने वाले वाहन दातागंज, बेलाडांडी होते हुए बिसौली, सहसवान, गुन्नौर से होकर गुजरेंगे। बरेली से आने वाले वाहन भी बिसौली, सहसवान होकर जाएंगे। मुरादाबाद के वाहन बिसौली से ही सहसवान की ओर मुड़ जाएंगे। उधर से आने वालों का रूट भी यह रहेगा। श्रावण मास में बरेली रोड भी बंद रहेगा। इस दौरान वाहन आंवला, अलीगंज होते हुए बरेली बदायूं आएंगे और जाएंगे। फर्रुखाबाद जाने वाले वाहन दातागंज तिराहे से दातागंज, जैतीपुर, मदनापुर होते हुए निकलेंगे। एटा-अलीगढ़ जाने वाले कादरचौक, कादरगंज होकर निकलेंगे। शहर में रोडवेज बसों के लिए आगरा, कासगंज, दिल्ली आदि आने जाने वाली बसें बिसौली रोड से आकर खेड़ा नवादा, दातागंज तिराहा होते हुए भामाशाह चौक से रोडवेज बस स्टैंड पहुंचेंगी। यह रूटडायवर्जन सात जुलाई से 31 अगस्त तक रहेगा। खासकर शुक्रवार रात से सोमवार रात तक रूटडायवर्जन लागू रहेगा। अगर अन्य दिनों भीड़भाड़ रही तो पूरे सप्ताह डायवर्जन रहेगा। संवाद


