Bareilly News: नेताओं-कार्यकर्ताओं से सीधी बात कर बिछेगी चुनावी बिसात
बरेली। लोकसभा 2024 की तैयारियों को सपा ने भी धार देना शुरू कर दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हर जिले से पार्टी के वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों के अलावा कुछ पुराने वरिष्ठ नेताओं और सेक्टर प्रमुखों को छह जुलाई को लखनऊ बुलाया है। सभी की बाकायदा सूची तैयार की है। सूची में शामिल लोगों से ही मुलाकात की जाएगी।
फीडबैक के आधार पर पार्टी समीकरण सुधारने की कोशिश कर रही है। पिछले महीने सपा मुखिया ने सभी जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की थी। मार्च में बंगाल में आयोजित राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बाद से ही लोकसभा प्रभारियों की घोषणा का सिलसिला शुरू किया था।
उन्हें आवंटित लोकसभा क्षेत्रों में जाकर समन्वय, संवाद व मुद्दों के चयन पर काम करने के निर्देश दिए गए थे। लोकसभा क्षेत्रवार बूथ व सेक्टर स्तर पर समितियों के गठन व उसमें सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इसकी मॉनिटरिंग के लिए भी कहा गया था।
इन बिंदुओं पर करेंगे बात
जिन लोगों का नाम सूची में है, उनसे रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा गया है। मौजूदा संगठन कैसे काम कर रहा है, क्या नया कर सकता है और संगठन में किस तरह के बदलाव जरूरी है, इस पर उनकी रिपोर्ट ली जाएगी। मुख्य लोगों से अकेले में मुलाकात करेंगे और कुछ लोगों से तीन-चार या पांच-छह के ग्रुप में बुलाकर चर्चा करेंगे।
विरोधी खेमा भी सक्रिय
चर्चा है कि सूची माैजूदा संगठन ने बनाई है। कई ऐसे भी लोग हैं जिनका नाम सूची में शामिल नहीं है। उनका कहना है मौजूदा संगठन में कई खामियां है जो लोकसभा चुनाव से पहले सपा प्रमुख को पता चलनी चाहिए। संगठन में भी बदलाव की भी जरूरत है। ऐसे में उनका नाम भले ही सूची में नहीं है, मगर वे लखनऊ जाएंगे और सपा मुखिया से मिलकर अपनी बात भी रखेंगे।



