Budaun News: बाइपास पर तीन दिन भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए सभी चौराहों पर तैनात रहेगी पुलिस, बैरिकेडिंग भी की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। कांवड़ियों की सुरक्षा को पुलिस प्रशासन अलर्ट है। शहर से लेकर कछला गंगा घाट तक सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस लगाई गई है। खासतौर पर शहर के बाइपास पर पुलिस का ज्यादा ध्यान है। पूरे सावन माह बाइपास पर कांवड़ियों का रेला चलेगा। इस दौरान बाइपास पर तीन दिन (शुक्रवार रात से सोमवार रात तक) भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। सुरक्षा के लिहाज से यहां बैरिकेडिंग भी कर दी गई है।
जिले में कांवड़ियों का मुख्य रास्ता बरेली-बदायूं हाईवे, शहर का बाइपास और उझानी से कछला गंगा घाट तक है। इधर से स्थानीय कांवड़ियों के अलावा बरेली, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी तक के कांवड़िये गुजरते हैं। स्थानीय स्तर पर बिसौली, आंवला और बरेली रोड के कांवड़िये भी इधर से ही आते-जाते हैं।
जबकि दातागंज, उसहैत, उसावां आदि मार्गों के कांवड़िये शहर के कचहरी रोड से होकर लालपुल तिराहा और बड़ी ज्यारत होते हुए कछला गंगा घाट आते-जाते हैं। शहर की काली सड़का का रास्ता भी कांवड़ियों के लिए निश्चित कर दिया जाता है। ऐसे में सभी मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान शहर के बाइपास पर दिया गया है। बाइपास पर कई बड़े चौराहे हैं। आसरा आवास का छोटा चौराहा, यहां दो-तीन पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे।
इसके अलावा सरदार बल्लभ भाई पटेल चौराहा, एआरटीओ चौराहा और आंवला-बदायूं चौराहा पर भी एक-एक दरोगा और पांच-छह पुलिस कर्मी और यातायात पुलिस कर्मी तैनात लगाए गए हैं। बाइपास पर दूसरे वाहन नहीं आएं, इसके लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग करा दी गई है।
जिले में आज रात से लागू हो जाएगा रूट डायवर्जन
मंगलवार से श्रावण मास शुरू हो चुका है। बरेली, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों के कांवड़िये कछला गंगा घाट पहुंचेंगे। उनकी सुरक्षा के लिहाज से जिले में रूट डायवर्जन किया गया है। ऐसे में जरूरी है कि अगर कहीं बाहर जाने का कार्यक्रम बन रहा है तो रूट की जानकारी करके जाएं। यह डायवर्जन हर हफ्ते शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार शाम पांच बजे तक लागू रहेगा। अगर मंगलवार को भी रूट पर भीड़भाड़ जारी रहेगी तो पुलिस प्रशासन की ओर से रूट डायवर्जन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान सभी चार पहिया, हल्के वाहन, भारी वाहन ट्रक, बस, ट्रैक्टर आदि का रूट निर्धारण किया गया है।
–
इस प्रकार रहेगा रूट डायवर्जन
1. बरेली से कासगंज, आगरा, दिल्ली को जाने वाला यातायात
-बरेली से कासगंज, आगरा, दिल्ली को जाने वाले भारी वाहनों को गैनी, आंवला, बिसौली, सहसवान, गुन्नौर, नरौरा, अलीगढ़ होते हुए उनके गंतव्य को भेजा जाएगा।
2. कासगंज, आगरा, दिल्ली से मुरादाबाद, बरेली, फर्रुखाबाद जाने वाला यातायात
– कासगंज, आगरा, दिल्ली से मुरादाबाद, बरेली, फर्रुखाबाद जाने वाले वाहन अलीगढ़, नरौरा होकर सहसवान, बिसौली, आंवला, गैनी, बरेली, फतेहगंजपूर्वी, बेलाडांडी, दातागंज, डहरपुर से म्याऊ चौकी, उसावां होते हुए जाएंगे।
3. बदायूं से बरेली जाने वाली रोडवेज बसें और अन्य हल्के वाहन
– बदायूं से बरेली जाने वाली रोडवेज बसों, अन्य हल्के वाहनों को नवादा चौकी से कुंवरगांव, आंवला, अलीगंज, गैनी, अखा, रामगंगा से लालफाटक होते हुए निकाला जाएगा।
4. बदायूं से कासगंज, आगरा, दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसे और अन्य हल्के वाहन
– बदायूं से कासगंज, आगरा, दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसों और अन्य हल्के वाहरों को रोडवेज बस स्टैंड से खेडा नवादा, बिसौली, सहसवान, गुन्नौर, नरौरा, अलीगढ़ होते हुए निकाला जाएगा।
5. बदायूं से फर्रुखाबाद जाने वाली रोडवेज बसों अन्य हल्के वाहन
– बदायूं से फर्रुखाबाद जाने वाली रोडवेज बसों, अन्य हल्के वाहन रोडवेज बस स्टैंड से पुलिस लाइन चौराहे होते हुए दातागंज चौराहे से रेलवे क्राॅसिग होते हुए दातागंज, बेलाडांडी, जैतीपुर, मदनापुर, जलालाबाद होते हुए जाएंगे।
6. बदायूं नगर से एटा,अलीगढ़ जाने वाले हल्के वाहन
– बदायूं नगर एवं बाहरी जनपदों एटा, अलीगढ़ जाने वाले हल्के वाहन जालंधरी सराय रोड से शेखूपुर, कादरचौक, कादराबाद होते हुए जाएंगे।

पटेल चौक पर की गई बैरिकेटिंग।