Budaun News: सांड़ की टक्कर लगने से साइकिल सवार की मौत
– साइकिल से दूध लेने बहाेरा नगला जा रहा था साइकिल सवार
संवाद न्यूज एजेंसी
कछला (बदायूं)। उझानी कोतवाली क्षेत्र में कछला-बहोरा नगला रोड पर एक सांड़ की टक्कर लगने से साइकिल सवार 55 वर्षीय रामअवतार वर्मा की गिरकर मौत हो गई। वह साइकिल से बहोरा नगला दूध लेने जा रहे थे।
कछला के वार्ड नंबर एक निवासी रामअवतार वर्मा खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। परिवार वालों के मुताबिक रामअवतार शर्मा बृहस्पतिवार सुबह नजदीकी गांव बहोरा नगला साइकिल लेकर दूध लेने जा रहे थे। वह बहाेरा नगला के नजदीक पहुंचे थे। तभी सड़क किनारे खड़े सांड़ से उनकी साइकिल टकरा गई। इससे रामअवतार वर्मा साइकिल समेत सड़क पर गिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें उठाया।
सूचना पर उनके परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। वह रामअवतार को नजदीकी अस्पताल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिवार वाले उनका शव घर ले गए। इसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस भी घर पहुंच गई। शाम के समय उनका शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया।