Budaun News: लगातार बारिश से मिट्टी का कटान, जा रही गड्ढों में

वजीरगंज में बिजली के टॉवर के नजदीक एक्सप्रेस-वे को की गई खुदाई।
संवाद न्यूज एजेंसी
वजीरगंज (बदायूं)। गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए जगह-जगह खोदे गए गड्ढों से अब किसानों का नुकसान होना शुरू हो गया है। लगातार हो रही बारिश से नजदीकी खेतों से मिट्टी कटना शुरू हो गई है। इससे उनके खेतों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं हैं। उनके खेतों से मिट्टी ढहकर नीचे गड्ढों में पहुंच रही है। हालांकि किसान कटान रोकने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन लगातार बारिश होने से उन्हें कामयाबी नहीं मिल रही है।
वजीरगंज क्षेत्र के गांव निमठौली, टिकुरी, कादरनगर, कर्रगांव और महेरा के बीच में सैकड़ों बीघा सरकारी खाली जमीन पड़ी है। स्थानीय लोग इसे मरहर की जमीन के नाम से जानते हैं। उसके आसपास पांच-छह गांव के किसानों की जमीनें हैं। यहीं नजदीक से गंगा एक्सप्रेस-वे भी गुजर रहा है।
स्थानीय किसानों के मुताबिक गंगा एक्सप्रेस-वे को ज्यादातर मरहर की जमीन से मिट्टी उठाई गई है। यहां भी कोई नियम का पालन नहीं किया गया है। जहां छह फुट मिट्टी उठाने के निर्देश दिए गए थे। वहां 10 से लेकर 15 फुट गहराई तक मिट्टी खोदी गई। यही नहीं नजदीकी खेतों से सटाकर मिट्टी खोद दी गई। शुरुआती दौर में बारिश का मौसम नहीं था। इससे किसानों को ज्यादा नुकसान महसूस नहीं हो रहा था लेकिन पिछले दस-पंद्रह दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद किसानों को नुकसान होने लगा है।
क्षेत्र के किसान संजीव के मुताबिक पिछले कई दिन से लगातार बारिश हो रही है। इससे किसानों के खेत में गिरने वाला पानी बहकर गंगा एक्सप्रेस-वे के गड्ढों में गिरना शुरू हो गया है। उन गड्ढों में केवल पानी ही नहीं गिर रहा है बल्कि किसानों के खेतों से मिट्टी कट-कटकर जा रही है। ज्यादा तेज बरसात होने पर खेतों में खाई तक बन गई हैं।
तमाम किसानों के खेत कट गए हैं। कहीं-कहीं कई मीटर तक मिट्टी कट गई है। किसानों के खेत कम होना शुरू हो गए हैं।
–
गड्ढे में गिर सकता है बिजली का टॉवर
वजीरगंज थाना क्षेत्र में जिस मरहर की जमीन से मिट्टी उठाई गई है, वहां बिजली का एक टॉवर भी लगा है। उसके बिल्कुल नजदीक से मिट्टी खोदी गई है। इससे टाॅवर के नीचे से मिट्टी ढहना शुरू हो गई है। कुछ लोगों का कहना है कि मिट्टी कटने से टॉवर थोड़ा झुक भी गया है। अगर बारिश के यही हालात रहे तो टॉवर गिर सकता है या उसको नुकसान पहुंच सकता है।
क्या कहते हैं किसान
फोटो
हमारा खेत मरहर की जमीन से लगा हुआ है। एक्सप्रेस-वे वालों ने खेत के बराबर से 12 से 16 फुट मिट्टी खोदी है। इसकी वजह से खेत के कटने का खतरा पैदा हो गया है, इससे फसल भी बर्बाद होगी।
– अंगनलाल, कर्रगांव
–
फोटो
एक्सप्रेस के लिए मिट्टी खेत के किनारे से खोदी गई है। बारिश में खेत तो कटेगा ही गड्ढे में गिरने का भी खतरा है। ऊपर से कोई बैरिकेडिंग भी नही कराई गई है। अपने खेत के नजदीक से गुजरने में भी डर लगता है।
– तेजराम, कर्रगांव
–
फोटो
एक्सप्रेस वालों ने मरहर की लगभग 800 बीघा जमीन पर जगह-जगह गहरे गड्ढे कर दिए हैं। मानक से कई गुना ज्यादा मिट्टी का खदान किया है। खेत के साथ फसल को भी खतरा है। ऊपर से किसी भी समय अनहोनी का भी डर बना हुआ है।
– भूरे खान, मोहल्ला बनिया वजीरगंज
–
फोटो
हमारा खेत मरहर की ज़मीन से बिल्कुल लगा हुआ है। किनारे से ही खदान किया गया है। उस जगह खेती करना जान जोखिम में डालना है। बारिश में हालत और भी बदतर हो जाती है। खेत के किनारे कोई रोक भी नहीं लगाई गई है।
– फिद्दन खां, मोहल्ला बनिया वजीरगंज

वजीरगंज में बिजली के टॉवर के नजदीक एक्सप्रेस-वे को की गई खुदाई।

वजीरगंज में बिजली के टॉवर के नजदीक एक्सप्रेस-वे को की गई खुदाई।

वजीरगंज में बिजली के टॉवर के नजदीक एक्सप्रेस-वे को की गई खुदाई।

वजीरगंज में बिजली के टॉवर के नजदीक एक्सप्रेस-वे को की गई खुदाई।

वजीरगंज में बिजली के टॉवर के नजदीक एक्सप्रेस-वे को की गई खुदाई।