Budaun News: निजी अस्पताल संचालक से मारपीट, पूर्व पालिकाध्यक्ष पर रिपोर्ट दर्ज
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना, जांच कर रही कोतवाली पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिल्सी। मोहल्ला संख्या एक स्थित एक निजी अस्पताल में दुकान के पुराने एक मामले के चलते पूर्व पालिकाध्यक्ष समेत कई लोगों ने अस्पताल संचालक से मारपीट की। सारी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की ओर से पूर्व पालिकाध्यक्ष समेत चार लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला संख्या एक निवासी एवं नरेंद्र गायत्री अस्पताल की संचालक डाॅ.चारू गुप्ता ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि बुधवार रात नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय और उनके भाई समेत कई लाेग अस्पताल में जबरदस्ती घुस आए और उनके पति डाॅ. प्रसून व उनसे गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्होंने गोली मारने की धमकी। जब उनके सास-ससुर बचाने के लिए आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। अस्पताल परिसर में हुई घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़िता ने सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाए जाने की मांग की।
कोतवाल ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की ओर से पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज, उनके भाई मेहुल वार्ष्णेय, मुन्नालाल व धर्मेंद्र समेत कई अज्ञात लोगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।