Budaun News: सहसवान में एटा के युवक का फंदे से लटका मिला शव

सहसवान में घटना स्थल मौजूद पुलिस व लोगों की भीड़।
मंगलवार को ससुराल धुविया आया था युवक, आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई
संवाद न्यूज एजेंसी
सहसवान (बदायूं)। कस्बे के अकबराबाद मोहल्ले में हरदत्तपुर चौराहा बैरियर के नजदीक नट बाबा जाने वाले रास्ते पर बृहस्पतिवार को एटा जिले के 30 वर्षीय विजय वाल्मीकि ने फंदे से लटककर जान दे दी। वह मंगलवार को अपनी ससुराल गडौलिया पट्टी तासोल उर्फ धुविया गांव आया था। बृहस्पतिवार दोपहर यहां आत्महत्या कर ली।
एटा जिले के कोतवाली क्षेत्र के गांव धरामई निवासी विजय वाल्मीकि पुत्र सुरेश वाल्मीकि की शादी गडौलिया पट्टी तासोल उर्फ धुविया निवासी पूजा के साथ करीब आठ दस साल पहले हुई थी। उसके ससुराल वालों के मुताबिक विजय, पत्नी पूजा के साथ दिल्ली में रहकर मेहनत-मजदूरी कर रहा था। वह मंगलवार को पूजा को दिल्ली में छोड़कर अपनी ससुराल आ गया। तब से वह यहीं रह रहा था।
बृहस्पतिवार सुबह उसने ससुराल में चाय-नाश्ता किया और जरूरी कार्य बताकर सहसवान चला आया। उसने अकबराबाद-हरदत्तपुर चौराहे पर आकर देशी शराब के कई पाैवे लिए और वहीं बैठकर उनको पिया। उसके बाद पैदल बैरियर के पास नट बाबा जाने वाले रोड पर पहुंचा। वहां उसने पेड़ पर शर्ट का फंदा लगाकर जान दे दी।
बाद में लाेगों ने उसका शव फंदे से लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर विशाल प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने युवक के ससुराल वालों को बुला लिया। फिलहाल युवक के आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। युवक के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। इंस्पेक्टर विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन कराई जा रही है। इसमें जो सच्चाई सामने आएगी। उसके अनुसार कार्रवाई होगी।