Budaun News: दो महिलाओं की हत्या में कोल्ड स्टोर मालिक के बेटे से पूछताछ
साथ में काम करने वाली महिलाओं से भी की गई जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर की दो महिलाओं की हत्या के मामले में दो थानों की पुलिस छानबीन में जुटी हुई है लेकिन अब तक कोई नतीजा सामने नहीं आया है। बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस पुलिस ने साथ में काम करने वाली महिलाओं समेत कई लोगों को थाने लेजाकर पूछताछ की। इसके अलावा कोल्ड स्टोर मालिक के बेटे हिमांशु वैश्य को भी सराफा मार्केट से पुलिस की गाड़ी में बैठाकर थाने ले जाया गया। जहां देर रात उनसे भी पूछताछ चलती रही।
दोनों महिलाएं रुखसाना और मुन्नी जिस राम कोल्ड स्टोर में काम करतीं थीं। वह कोल्ड स्टोर सराफा मार्केट के सराफा व्यवसायी रमेश वैश्य का है। बृहस्पतिवार को रमेश वैश्य और उनके बेटे हिमांशु वैश्य दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान सीओ सिटी पुलिस टीम के साथ उनकी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने हिमांशु वैश्य को गाड़ी में बैठा लिया। यह देखकर मौके पर तमाम सराफा व्यवसायी आ गए।
उन्होंने हिमांशु वैश्य को गाड़ी में बैठाने पर एतराज किया। खुद की गाड़ी में बैठाकर थाने लाने की बात कही लेकिन सीओ ने उनकी एक नहीं मानी। वह हिमांशु वैश्य को गाड़ी में बैठाकर सिविल लाइंस थाने ले गए। वहां उनसे देर रात तक पूछताछ की जाती रही।
इसके अलावा थाना पुलिस दोनों महिलाओं के साथ काम करने वाली कई महिलाओं को लेकर थाने आई। कोल्ड स्टोर में काम करने वाले कुछ और लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस इस मामले में किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है लेकिन उसकी जांच पड़ताल महिलाओं और कोल्ड स्टोर में काम करने वाले लोगों के इर्दगिर्द घूम रही है। पुलिस को शक है कि महिलाओं के साथ काम करने वाले लोगों को इस बारे में जानकारी हो सकती है।
दोनों महिलाओं की हत्या के मामले में कोल्ड स्टोर मालिक समेत कई लाेगों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। अभी इस मामले में कोई ठोस सुबूत हाथ नहीं लगा है। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।
– आलोक मिश्रा, सीओ सिटी