Budaun News: मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं से भाकियू नाराज, प्रदर्शन की चेतावनी
बदायूं। मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन ने धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कॉलेज में दूर-दूर से मरीज इलाज कराने आते हैं लेकिन उन्हें सुविधाएं नहीं मिल पातीं।
बृहस्पतिवार को मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना के नेतृत्व में कार्यकर्ता राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां मंडल प्रवक्ता ने कहा कि कॉलेज में 50 किमी दूर तक से मरीज और उनके तीमारदार आते हैं, लेकिन यहां डॉक्टर नहीं मिलते। मरीजों का पर्चा नहीं बनता। कॉलेज प्रशासन निरंकुश हो गया है। कहा कि मेडिकल कॉलेज में सिर्फ एक कंप्यूटर पर पर्चे बन रहे हैं, बाकी सारे काउंटर बंद पड़े हैं। दवाइयां भी यहां नहीं मिल रही हैं। बाहर से दवाइयां लिखी जा रही हैं जो नियम के विरुद्ध है।
मंडल प्रवक्ता ने कहा कि कॉलेज में सफाई की व्यवस्था भी नहीं है। गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। सभी वार्डों में गंदगी फैली हुई है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में शीघ्र ही भाकियू मेडिकल कॉलेज में धरना-प्रदर्शन करेगी। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौधरी सौदान सिंह, हारून गौस, सतीश साहू, नूरुद्दीन, राशिद अब्बासी, रामवीर भारती, सुखलाल, अमरपाल प्रजापति आदि मौजूद रहे। संवाद