Budaun News: अंडरग्राउंड केबल से करंट आने पर पांच लोग झुलसे

खेड़ा बुजुर्ग में बिजली के करंट से पशुओं के मरने से प्रदर्शन करते लोग।
खेड़ा बुजुर्ग में हुआ हादसा, तीन पशु भी मरे
संवाद न्यूज एजेंसी
सिलहरी (बदायूं)। पावर कॉरपोरेशन की लापरवाही से शुक्रवार को खेड़ा बुजुर्ग में अंडरग्राउंड केबल में करंट आने से तीन पशुओं की मौत हो गई जबकि पांच लोग झुलस गए। इस पर ग्रामीणों ने पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर दिया। उन्होंने अंडरग्राउंड केबल हटवाने की मांग की।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा बुजुर्ग में बारिश के चलते ग्राम प्रधान इशरत अली उर्फ चुन्ना के मकान के नजदीक अंडरग्राउंड केबल से जमीन पर करंट आ गया। इससे गांव के मेहताब अली, कौसर अली, नफरत, अफजल, शाहिद आदि झुलस गए। उन्होंने बताया कि इस हादसे में मेहताब और अफजल की गाय, नसरत की भैंस की मौत हो गई।
इस पर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। ग्राम प्रधान ने बताया काफी समय से अंडरग्राउंड केबल में करंट आ रहा है। कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एक सप्ताह पहले करंट लगने से एक बकरी की मौत हो चुकी है। अगर सुधार नहीं हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है। इस मौके पर गोरक्षा दल के लोग भी पहुंसे गए। उनकी पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों से काफी नोकझोंक हुई।