Bareilly News: शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
गुलड़िया। सावन के पहले सोमवार को शिव का जलाभिषेक करने के लिए ग्रामीण क्षेत्र के शिवालयों में भारी भीड़ उमड़ी। जलाभिषेक के लिए सुबह से ही लोग लाइन में लग गए। दोपहर बाद तक पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। बम-बम भोले, ओम नम: शिवाय तथा हर-हर महादेव के जयकारों से शिवालय गूंजते रहे।
गुलड़िया उपराला गांव के प्राचीन गौरी शंकर धाम में श्रद्धालुओं ने गढ़मुक्तेश्वर, कछला और हरिद्वार से गंगाजल लाकर शिव का जलाभिषेक किया। दोपहर तक मंदिर में शिव भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर कमेटी की तरफ से बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने की व्यवस्था की गई।सिरौली क्षेत्र में तपेश्वर नाथ धाम, गुरगांव शिव मंदिर समेत अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस भी तैनात रही।
आंवला में प्राचीन सिद्ध स्थली पुरैना मंदिर, सिद्धबाबा का मंदिर, भूपालेश्वर महाराज का मंदिर, काली मंदिर, टेडेश्वरनाथ मंदिर, ठाकुरद्वारा, देवी मठिया, लठैता सहित अन्य मंदिरों में भोर से ही श्रद्धालुओं की कतार लग गई। भक्तों ने जल, दूध, दही, चंदन, बिल्वपत्र, धतूरा आदि अर्पित किए।शाम के समय आरती की गई।
फरीदपुर क्षेत्र में पचौमी के पंचेश्वर नाथ मंदिर पर भक्तों ने रामगंगा के पढ़ेरा घाट से जल लाकर जलाभिषेक किया। सुबह पांच बजे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की कतार लग गई। नगर के मोहल्ला परा राठौर बस्ती से कांवड़िए जल लेकर मंदिर पहुंचे।
कड़ी सुरक्षा के बीच किया जलाभिषेक
दुनका। सावन के पहले सोमवार को क्षेत्र के शिवालयों में कड़ी सुरक्षा के बीच जलाभिषेक किया गया। धनेटा-शीशगढ़ रोड स्थित नागा बाबा मढ़ी पर जलाभिषेक के लिए भारी भीड़ उमड़ी। दुनका गांव के कांवड़ियों ने रामगंगा के गोरा हेमराजपुर घाट से जल लाकर जलाभिषेक किया। सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात रहा।



