Bareilly News: रास्ता रोककर ट्रैक्टर चालक से लूट
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Tue, 11 Jul 2023 01:27 AM IST
रामनगर। सुकटिया गांव के पास बदमाशों ने ट्रैक्टर चालक से नौ हजार रुपये की नकदी लूट ली। आरोप है कि नबाबपुरा पुलिस चौकी पर शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने सीओ से शिकायत की है।
रामपुर के गांव नरेंद्रपुर के दुर्वेश यादव ने बताया कि वह लेंटर की शटरिंग डालने का काम करते हैं। दो दिन पहले वह ताखा उर्फ सुकटिया गांव से शटरिंग का सामान लेकर जा रहे थे। गांव से कुछ दूरी पर पांच बदमाशों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया। पिटाई करने के बाद उन्होंने जेब में रखे नौ हजार रुपये के साथ ट्रॉली में रखा शटरिंग का सामान भी लूट लिया। पीड़ित ने बताया कि नबाबपुरा पुलिस चौकी पर जब वह पहुंचा तो वहां बैठे दरोगा ने तहरीर बदलवा दी। आरोप है उससे पांच हजार रुपये भी लिए गए। इसके बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।
पीड़ित ने बताया कि अब पुलिस झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है। पीड़ित ने सीओ से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में सिरौली कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि मारपीट का मामला था। लूट का आरोप गलत है। अगर पुलिस चौकी पर पीड़ित से रुपये लिए गए हैं तो यह गलत है। मामले की जांच कराई जाएगी। संवाद



