Bareilly News: चोरी का गेहूं बेचने जा रहे चार पकड़े
फरीदपुर। चोरी का गेहूं बेचने जाते समय पुलिस ने सोमवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से लोडर गाड़ी और 80 बोरी गेहूं भी बरामद किया गया। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
सिसैया रोड पर ओमकार गुप्ता गेहूं खरीद का काम करते हैं। 3 जुलाई को चोर गल्ला गोदाम से ताला तोड़कर गेहूं की 130 बोरियां चुरा ले गये। इसके साथ ही पांच जुलाई को रामरहीम बरातघर के पास स्थित एक गोदाम से भी चोर गेहूं की 175 बोरियां चुरा ले गए। तीन दिन के अंदर दो घटनाएं होने के बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी।
रविवार को आरोपी चोरी का गेहूं लोडर गाड़ी में भरकर बेचने के लिए ले जा रहे थे। सूचना पर पुलिस ने रम्पुरिया पुलिया के पास घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। लोडर गाड़ी में 80 बोरी गेहूं बरामद हुआ। गाड़ी को पुलिस थाने ले आई। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव अकट निवासी रिंकू, इटौरिया गांव निवासी राजेंद्र, पृथ्वीराज और आलोक बताया।
पूछताछ में उन्होंने चोरी की बात कबूल की। उन्होंने बताया कि उनके गिरोह में शाहजहांपुर के थाना राम चंद्र मिशन क्षेत्र के गांव रोसर कोठी निवासी शिवम और चंदन, फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव इटौरिया निवासी अतुल, अभिषेक, नन्हे लाल, पुष्पेंद्र भी शामिल हैं। सोमवार को पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।



