Budaun News: मंडलायुक्त और आईजी ने परखीं चुनावी व्यवस्थाएं
– डायट के ऑडिटोरियम हाल में दिया गया पीठासीन व मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूंं। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल और आईजी डॉ. राकेश सिंह ने मंगलवार को जिले में पहुंचकर निकाय चुनाव की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव संपन्न कराना हमारी पहली जिम्मेदारी है।
मंगलवार को दोनों अधिकारियों ने डायट के ऑडिटोरियम हॉल पहुंचकर पीठासीन और मतदान अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि नगर निकाय चुनाव निष्पक्ष, निर्भीक और सकुशल संपन्न कराने की पूरी कोशिश रहेगी। इसके लिए पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी प्रथम को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान बेहतर रूप से जानकारी हासिल कर लें। आवश्यक बिंदुओं के नोट्स तैयार कर लें। चुनाव में केवल सरकारी सुविधाओं का ही प्रयोग करें। निर्वाचन सामग्री छोड़कर न जाएं।
आईजी ने कहा कि कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की मौजूदगी में चुनाव संपन्न कराया जाएगा। खुले मन से तनाव मुक्त होकर कार्य करें। कोई समस्या हो तो, तो अधिकारियों को बताएं। इस दौरान डीएम मनोज कुमार, एसएसपी डॉ. ओम प्रकाश सिंह, सीडीओ केशव कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार पटेल, एडीएम प्रशासन विजय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।