Rampur News: शाहबाद-बाजपुर सड़क के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव पास, 200 करोड़ से बनेगा मार्ग
शाहबाद (रामपुर)। पड़ोसी प्रदेश उत्तराखंड के कई जनपदों को जोड़ने वाली सड़क अब चौड़ी और सुंदर होगी। जिसकी मंजूरी यूपी के कैबिनेट में हुई बैठक में मिल गई है। 200 करोड़ रुपये के डीपीआर को वित्तीय स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू हो जाएगा। जिससे छह लाख की आबादी को सीधा लाभ पहुंचेगा।
उत्तराखंड प्रदेश को सीधी जोड़ने वाली 57 मीटर की सड़क के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया है। करीब 200 करोड़ रुपए के बजट से इस सड़क का निर्माण किया जाएगा। दरअसल मंगलवार को यूपी कैबिनेट की बैठक में इस सड़क का प्रस्ताव पास हो गया है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद जल्द इस सड़क का निर्माण शुरू किया जाएगा। बिना डिवाइडर वाली यह सड़क उत्तर प्रदेश के रामपुर की तहसील शाहबाद से सीधी उत्तराखंड के बाजपुर से जुड़ जाएगी। वर्तमान समय में इस सड़क की चौड़ाई 7 मीटर की है। चौड़ीकरण के दौरान सड़क 3 मीटर अतिरिक्त ओर चौड़ी हो जाएगी। कुल 10 मीटर चौड़ी यह सड़क चौड़ी हो जाने पर वाहन फर्राटा भर सकेंगे। जिससे आने-जाने वाले बड़े वाहनों को भी आवागमन में सहूलियत होगी। साथ ही कम समय में रामपुर, नैनीताल, कालाढूंगी, रामनगर और जिम कार्बेट फॉल पहुंचा जा सकेगा। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद लगभग डेढ़ साल के अंदर इस सड़क का पूरा निर्माण हो सकेगा। इस मार्ग को चौड़ीकरण करने के लिए दो डिवीजन का सहयोग लिया जाएगा। जिसमें पहली डिवीजन निर्माण खंड की होगी, जो शाहबाद से रामपुर यानी कुल 35 किलोमीटर के दायरे में आएगी। दूसरी डिवीजन प्रांतीय खंड जोकि रामपुर से बाजपुर तक के दायरे में आएगी। दोनों डिवीजन द्वारा 200 करोड़ रुपए की लागत से 57 किलोमीटर की सड़क का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण किया जाएगा।
शाहबाद बाजपुर मार्ग की 57 से 58 किलोमीटर की सड़क है, फिलहाल सड़क सात मीटर चौड़ी है। अभी वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद करीब 200 करोड़ रुपए की लागत से चौड़ीकरण और सुंदरीकरण होगा। जिसमें प्रांतीय खंड और निर्माण खंड डिवीजन काम करेंगे। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद डेढ़ साल के अंदर काम पूरा हो जाएगा। यह सड़क दस मीटर चौड़ी और सुंदर हो जाएगी।
गुलाम मोहम्मद, जेई, लोक निर्माण विभाग
शाहबाद से बाजपुर तक का सड़क चौड़ी हुई, तो शाहबाद, सैफनी, ढकिया और पटवाई के लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा। कम समय में रामपुर पहुंचा जा सकेगा। अभी रामपुर पहुंचने में ज्यादा समय लगता है। सड़क चौड़ी होने के बाद कम समय में रामपुर-नैनीताल बगैरा पहुंचा जा सकेगा। -शोभित गुप्ता
शाहाबाद रामपुर बाजपुर मार्ग के चौड़े होने से क्षेत्र के विकास को चार पंख लग जायेंगे। क्षेत्र का सीधा संपर्क उत्तराखंड के नैनीताल से हो जायेगा जो कि एक पर्यटन स्थल है। इसलिए पर्यटक क्षेत्र से होकर गुजरेंगे, जिस से क्षेत्र के लोगों का अवागमन भी आसान हो जायेगा।- डॉक्टर सालिम
शाहबाद एक पिछली भी तहसील है अगर यह सड़क चौड़ी और सुंदर होती है तो शाहाबाद एक विकसित तहसील ग्रुप में आ सकती है क्योंकि यहां से ज्यादातर लोग नैनीताल के लिए हो करते हैं जब अच्छी और चौड़ी सड़क बाजपुर के लिए होगी, तो नैनीताल भी कम समय में पहुचा जा सकेगा। – नावेद खान
शाहबाद की सीमा से जुड़े चार जनपदों को होगा फायदा
शाहबाद-बाजपुर मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का प्रस्ताव पास हो गया है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद इस सड़क का लाभ शाहबाद की सीमा से जुड़े संभल, मुरादाबाद, बरेली, बदायूं के जनपदों के गांव और तहसीलों को होगा। क्योंकि उत्तराखंड में मौजूद पर्यटन स्थल नैनीताल, रामनगर और जिम कार्बेट फॉल है। पर्यटन स्थलों पर यहां के लोगों का आवागमन ज्यादा होता है, और लंबे रूट से यह लोग पहुंचते हैं। अगर सड़क का चौड़ीकरण होता है, तो इन लोगों को पहुंचने में कम समय लगेगा और लाभ मिलेगा।

