रामपुर

Rampur News: अजीतपुर में डिवाइडर तक भर गया बारिश का पानी

Connect News 24

संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर

Updated Wed, 12 Jul 2023 01:29 AM IST

रामपुर। झमाझम बारिश मंगलवार को भी जारी रही। दिन भर बादलों की आवाजाही से शहर से देहात तक बारिश हुई। 35 मिलीमीटर बारिश में शहर में सिविल लाइंस, ज्वालानगर और अजीतपुर की तरफ पानी भर गया। मौसम विभाग ने बुधवार और बृहस्पतिवार को भी भारी बारिश के आसार जताए हैं।

बीते सप्ताह भर से हर रोज बारिश हो रही है। ऐसे में तापमान में गिरावट है। मंगलवार को सुबह में बादल थे। दोपहर एक बजे के करीब झमाझम बारिश शुरू हुई तो लोग भीग गए। बारिश की वजह से सड़काें पर निकले लोग भीगते हुए घरों तक पहुंचे। भारी बारिश की वजह से सिविल लाइंस में स्टार चौराहे से लेकर कचहरी तक सड़क के दोनों ओर पानी ही पानी भरा नजर आया। बारिश का पानी सड़क किनारे दुकानों में भी घुस गया। इस वजह से सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। इधर, शाहबाद रोड पर शिव विहार से अजीतपुर की ओर सड़क के एक छोर डिवाइडर की ऊंचाई तक पानी भरा हुआ नजर आया। बारिश की वजह से गांधी समाधि और अस्पताल की ओर पानी भरने से समस्या हुई। बाइक सवारों को निकलने में परेशानी हुई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि बुधवार और बृहस्पतिवार को 40 से 50 मिलीमीटर बारिश है। 15 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा। इसके बाद मौसम परिवर्तित होने की संभावना है।

विकास भवन, कलक्ट्रेट में घुसा पानी

बारिश में सरकारी दफ्तरों में पानी भर गया। विकास भवन में दोनों गेट पर लबालब पानी भरा नजर आया। इस वजह से अधिकारी और आम जनता को इधर से निकलने में परेशानी हुई। बारिश की वजह से कलक्ट्रेट में भी पानी भर गया। राम-रहीम सेतु के नीचे रोडवेज वर्कशॉप पर पानी ही पानी भरा नजर आया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button