Bareilly News: संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Wed, 12 Jul 2023 01:27 AM IST
भमोरा (बरेली)। नगला गांव में मंगलवार को संदिग्ध हालात में नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। गांव में चर्चा है कि विवाहिता ने आत्महत्या की है। देर रात तक परिजनों ने कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी थी।
बदायूं के थाना कुंवरगांव के गांव फकीराबाद के रहने वाले चरण सिंह ने दो महीने पहले पुत्री पूजा की शादी नगला गांव के रहने वाले हेम सिंह से की थी। मंगलवार को शाम पांच बजे परिवार के लोग खेत पर गए हुए थे। पूजा ने पेट में तेज दर्द होने की बात कहकर पति से दवा लाने की बात कही।
दवा लेकर जब हेम सिंह घर पहुंचा तो कमरे में पूजा का शव फंदे से लटकता मिला। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खेत से परिजन भी घर पहुंच गए। पुलिस ने शव फंदे से उताकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने बताया कि पूजा ने आत्महत्या की है। प्रभारी थानाध्यक्ष विक्रम दहिया सैनी ने बताया कि अब तक विवाहिता के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद मामले में कार्यवाही की जाएगी।


