Rampur News: चौपाल में अभिभावकों से की बच्चों को स्कूल भेजने की अपील
रामपुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा क्षेत्र के संविलियन विद्यालय महतोष में बृहस्पतिवार को शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीणों व अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। उपस्थित अभिभावकों से शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया तथा अपेक्षा की गई वह अपने वाल्यों के शैक्षिक संवर्धन का नियमित अनुसरण करें तथा निरंतर अपने विद्यालय के शिक्षकों से संवाद स्थापित करें।चौपाल में वरिष्ठ ए आर पी रामचंद्र राठौर ने विद्यालय में नामांकन वृद्धि में सहयोग सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं तथा बालिका शिक्षा पर विस्तार से चर्चा की। प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष प्रताप सिंह ने छात्र छात्राओं के अध्ययन के साथ-साथ स्वास्थ्य तथा पोषण पर भी ग्राम वासियों से ध्यान देने की अपील की। उपस्थित ग्रामवासियों ने चौपाल में विचारों से लाभान्वित होकर अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने व उनकी दैनिक शैक्षिक प्रगति जानने एवं शिक्षकों से निरंतर संवाद करने का संकल्प किया। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सक्सेना ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग की कोई भी योजना बिना शिक्षक अभिभावक संवाद के सफलता को प्राप्त करना कठिन है। उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं अभिभावक दोनों विद्यालय के शैक्षिक एवं गुणवत्ता संवर्धन के लिए परम आवश्यक है। शिक्षा चौपाल कार्यक्रम में नवनीत कुमार, जितेंद्र सिंह, चंद्रपाल सिंह, महेंद्र पाल, गरिमा आर्य, दीपा देवी आदि उपस्थित रहे। संचालन ललित सक्सेना ने किया।


