Rampur News: टांडा में तीन दिवसीय स्काउट गाइड शिविर का हुआ समापन
रामपुर। टांडा के स्थित चंद्रमुखी इंटर कॉलेज के तत्वावधान में स्काउट गाइड का तीन दिवसीय शिविर गुरुवार को संपन्न हुआ। शिविर के अंतिम दिन अतिथियों ने शिविर का निरीक्षण किया और गाइड से शिविर के दौरान मिले प्रशिक्षण की जानकारी ली। शिविर समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टोली को पुरस्कृत किया। चंद्रमुखी इंटर कॉलेज में स्काउट गाइड समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अरविंद भास्कर ने कहा कि स्काउट हमें दूसरों के लिए जीने की कला सिखाता है। देश के लिए सुयोग्य नागरिक बनाता है। हम आपातकाल में कैसे रहें, सीमित संसाधनों में कैसे अपने लिए भोजन पानी की व्यवस्था करें आदि की सीख मिलती है। वही प्रबंधक मंगू सिंह सैनी ने कहा कि स्काउट एवं गाइड को निस्वार्थ भाव से समाज व राष्ट्र की सेवा का कार्य करना चाहिए। आपदा और संकटग्रस्त लोगों की सहायता करने से आत्मिक संतुष्टि मिलती है। शिविर में छात्राओं द्वारा विभिन्न राज्यों की पोशाक पहन कर स्वादिष्ट भोजन बनाया तथा आकर्षक रंगोलियां बनाई गई।
शिविर में बच्चों को टेंट बनाना, रस्सी से पुल बनाना, गांठे बांधना, बिना बर्तन के भोजन बनाने के साथ-साथ अनेक तरह की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने स्काउट एवं गाइड को समाज सेवा की प्रतिज्ञा के साथ शिविर का समापन कराया। इस दौरान नीरज कुमार सैनी, भोजराम सैनी, मोहम्मद हारून, शुभम, मोहम्मद तारिक, माजीदा आदि समेत अन्य लोग मौजूद रहे।