Pilibhit News: आई फ्लू को लेकर सीएमओ ने जारी किया अलर्ट
पीलीभीत। बाढ़, बारिश और धूप की वजह से इस समय तराई में तेजी के साथ आईफ्लू फैल रहा है। इसकी रोकथाम के लिए सीएमओ ने अलर्ट जारी किया है। जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी और पीएचसी पर दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य टीमों को स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों की आंखों की जांच करने के लिए कहा है।
जिले में आई फ्लू के बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारी पूरी कर ली हैं। ब्लाॅक की स्वास्थ्य इकाइयों पर कार्यरत नेत्र परीक्षण अधिकारियों को आई फ्लू या कंजक्टिवाइटिस से ग्रसित मरीज आने पर प्राथमिकता के साथ उनकी आंखों का परीक्षण करने के लिए कहा गया है। गम्भीर अवस्था के मरीजों को तत्काल स्वशासी/जिला चिकित्सालय रेफर कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि प्राइमरी/जूनियर हाईस्कूल के विद्यार्थियों को नेत्र परीक्षण के लिए ब्लाॅकवार टीमें कार्य कर रही हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लाॅक मरौरी, बिलसंडा, बीसलपुर, बरखेडा, अमरिया आदि में दो-दो टीमें स्कूलों में जाकर नेत्र परीक्षण कर रही हैं।
जिला चिकित्सालय में नेत्र रोग विभाग के तीनों वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक के अतिरिक्त एक नेत्र परीक्षण अधिकारी भी मरीजों का इलाज कर रहे हैं। मरीज किसी भी समस्या के लिए केंद्र प्रभारी या ब्लाॅक के स्वास्थ्य अधिकारियों से भी संपर्क कर सकते हैं। सभी सरकारी अस्पतालों में आई फ्लू से संबंधित दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
00
ये हैं लक्षण
आंखें लाल होकर सूज जाती है। आखों से लगातार पानी आता है। धुंधला नजर आने लगता है। पलकों पर सूजन आ जाती है। पलकें आपस में चिपक जाती हैं। खुजली, दर्द और करकराहट होती है। तेज रोशनी आंखों में चुभने लगती है।
00
ये बरतें सावधानी
– आंखों को छुएं या रगड़े नहीं। तौलिया, तकिया, मेकअप किट शेयर न करें। हाथों को साफ रखें। पीड़ित व्यक्ति काला चश्मा अवश्य पहनें। टीवी और मोबाइल का प्रयोग करने से बचें। आंखों को थोड़ी-थोड़ी देर के अंतराल पर धोते रहें। तत्काल ही चिकित्सक से परामर्श कर आंखों में दवा डालें।