Budaun News: रूट डायवर्जन लागू, बरेली-मथुरा हाईवे बंद

मेडिकल कॉलेज के पास हाईवे पर की गई बैरिकेडिंग। संवाद
खेड़ा नवादा पुलिस चौकी और बाइपास पर लगाए गए बैरियर, पुलिस तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। कांवड़ियों की सुरक्षा के तहत शुक्रवार को जिले में रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया। इससे बरेली-बदायूं हाईवे को बंद कर दिया गया है। बाइपास पर भी बैरियर लगा दिए गए हैं। जगह-जगह पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। अब तक जो वाहन बरेली-बदायूं हाईवे से गुजर रहे थे। अब उन्हें कुंवरगांव, आंवला और गैनी अलीगंज होते हुए निकाला जा रहा है। दूसरे रूट के वाहनों को भी डायवर्ट कर दिया गया है।
दो दिन बाद श्रावण मास का छठा सोमवार है। इससे पिछले दिनों की तरह शुक्रवार दोपहर से रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया। हालांकि पिछले शुक्रवार को रात आठ बजे से रूट डायवर्जन लागू हुआ था। इससे पहले बृहस्पतिवार को ही वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया। इससे यात्रियों का ज्यादा समय खर्च हुआ और कुछ परेशानी जरूर हुई लेकिन इस व्यवस्था के तहत कांवड़ियों को सुरक्षा जरूर महसूस हो रही है।
इस बार रूट डायवर्जन के तहत पूरा बरेली-मथुरा हाईवे उनके लिए बंद कर दिया गया है। इस रूट पर प्राइवेट वाहनों को जाने की अनुमति नहीं है। इसके तहत खेड़ा नवादा पुलिस चौकी के सामने बैरियर लगाकर कर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शहर से बरेली जाने वाले वाहनों को कुंवरगांव, आंवला, गैनी और अलीगंज होते हुए निकाला जा रहा है तो वहीं बाइपास पर बैरियर लगाकर किसी वाहन को गुजरने नहीं दिया जा रहा है।
मुरादाबाद से आने वाले बड़े वाहनों को सरदार पटेल चौराहे पर ही रोक दिया जा रहा है। एटा, कासगंज और आगरा जाने वाले वाहनों को कादरचौक, कादरगंज होते हुए निकाला जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली आने-जाने वाले वाहनों का रूट कुछ ज्यादा लंबा हो गया है। उन्हें बिसौली, सहसवान होते हुए पास कराया जा रहा है।
यातायात प्रभारी इंस्पेक्टर अरिहंत सिद्धार्थ ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा के तहत शुक्रवार से रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है।



