Budaun News: कछला में उमड़ा कांवड़ियों का रेला, जमकर थिरके कलाकार

उझानी में कांवड़ियों की टोली में थिरकते कलाकार। संवाद
उझानी/कछला। सावन महीना के छठे सोमवार को जलाभिषेक से पहले गंगाघाट पर रविवार तड़के से आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। घाट पर पूरे दिन कांवड़ियों की टोलियों के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। कांवड़िये हाईवे पर निकले तो कलाकारों क साथ झूम उठे।
गंगाघाट से कांवड़ लेकर निकली शिवभक्तों की टोलियों में आस्था के साथ उत्साह भी नजर आया। अधिकतर टोलियों के साथ निजी वाहन रहे। वाहनों पर लगे डीजे सिस्टम और स्टेज पर कलाकारों ने नृत्य कर कांवड़ियों समेत राहगीरों को भी भाव विभोर कर दिया। कांवड़ियों की टोलियों को देखने के लिए हाईवे किनारे के गांवों के महिला-पुरुष और बच्चे भी सड़क पर आकर लुत्फ उठाते दिखे।
बरेली के शिवभक्तों की टोली में शामिल युवकों ने कलाकारों के साथ थिरकते समय गुलाल भी उड़ाया। इससे पहले गंगाघाट पर कांवड़ियों ने आस्था की डुबकी लगाई। पुरोहितों से कांवड़ पूजन कराया। उन्होंने पुरोहितों को दक्षिणा भी भेंट की। रविवार देर रात तक तक बाइक सवार कांवड़ियों की टोलियां निकलती रहीं। आसपास गांवों के शिवभक्तों ने भी शाम को कांवड़ यात्रा शुरू की।
गोताखोर ने सहसवान के शिवभक्त को बहने से बचाया
सहसवान के शिवभक्तों की टोली गंगा स्नान करने के लिए दूसरे छोर पर बने आश्रमों के पास पहुंच गई। डुबकी लगाते समय टोली में शामिल 19 वर्षीय नरेंद्र बहने लगा। साथियों के शोर मचाने पर पहुंचे एक गोताखेर ने नरेंद्र को सकुशल बाहर निकाल लिया।
फोटो
भंडारों में बने लजीज पकवान, छक कर निकले कांवड़िये
कांवड़ियों की सेवा में रविवार को बरेली-मथुरा हाईवे पर कई जगह भंडारे लगाए गए। प्राइवेट बस स्टैंड के पास पूर्व राज्यमंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल और पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने पकौड़ी, हलवा, छोले-चावल और भल्ले बंटवाए। दहेमू के पास कांवड़िया सहायता केंद्र पर पुलिस और प्रशासन की ओर से भंडारे में पूडी-सब्जी बांटी गई। पिछले दिनों अमरनाथ यात्रा कर लौटे भक्तों की टोली ने घंटाघर चौराहे पर लजीज व्यंजन बनवा कर कांवड़ियों को वितरित किए। गंगाघाट से लेकर बदायूं तक कई जगह भंडारे लगाए।

उझानी में कांवड़ियों की टोली में थिरकते कलाकार। संवाद


