Bareilly News: पौत्र ने सिर में मारा डंडा, बुजुर्ग की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Fri, 18 Aug 2023 01:23 AM IST
बहेड़ी। पिंदारी अभयचंद गांव में रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद पौत्र ने बाबा के सिर में डंडा मार दिया। उपचार के दौरान बुजुर्ग की जिला अस्पताल में मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया है। परिजनों ने अब तक तहरीर पुलिस को नहीं दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि साबिर हुसैन (70) ने ढाई वर्ष पहले कुछ जमीन छह लाख रुपये में बड़े बेटे जाबिर को बेची थी। रुपये लेने के बाद भी बैनामा नहीं कराया। कुछ समय पहले उन्होंने अपने दोनों बेटों को जमीन बराबर-बराबर बांट दी। जो जमीन जाबिर ने खरीदी थी उसमें से आधा हिस्सा भी छोटे भाई को मिल गया। इसको लेकर पिता-पुत्र में विवाद होता था।
छह महीने पहले जाबिर की मौत हो गई। इसके बाद जाबिर की पत्नी सायरा और बेटा ताहिर रुपये वापस करने की मांग करते थे। उनके बीच कई बार कहासुनी भी हुई। बुधवार रात खाना खाते समय सायरा और ताहिर ने साबिर से फिर रुपये मांगे। आरोप है कि बुजुर्ग ने रुपये देने से मना कर दिया। गुस्साए ताहिर ने पास में रखा डंडा उठाकर साबिर के सिर में मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरा बेटा माबिर पिता को लेकर सीएचसी पहुंचा।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना पर जिला अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बात आरोपी घर से फरार हो गया। छोटे बेटे माबिर ने बताया कि पिता को सुपुर्दे खाक करने के बाद वह आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर देगा। इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।



