Budaun News: बच्चों के भविष्य निर्माण में अभिभावकों का अहम रोल

मझिया जूनियर हाई स्कूल में निपुण लक्ष्य की प्राप्ति को शपथ दिलाते खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी ना
मझिया जूनियर स्कूल में हुई अभिभावकों की चौपाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में अभिभावक चौपाल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत स्कूलाें में चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय मझिया में अभिभावक चौपाल लगाई गई। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण में अभिभावकों का अहम रोल है। इस मौके पर विद्यालय, ब्लॉक, जिला और प्रदेश को निपुण बनाने की शपथ ली गई।
ब्लॉक जगत क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय मझिया में चौपाल का आयोजन किया गया। बीईओ लक्ष्मी नारायण ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर चौपाल का शुभारंभ किया। बीईओ ने कहा कि बच्चों के भविष्य के निर्माण में अभिभावकों की मुख्य भूमिका होती है। इसलिए हर अभिभावक को चाहिए कि वह अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजे।
उन्होंने अभिभावकों से सीधा संवाद करते हुए उनके सुझावों को जाना और सरकार द्वारा बच्चों के हित में चलाई जा रही योजना को उनके सामने रखा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा डीबीटी के जरिए बच्चों द्वारा दिए गए खातों में धनराशि ट्रांसफर कर दी गई है। अधिकतर बच्चों के खातों में यह धनराशि पहुंच गई है, शेष बच्चों के खातों में भी जल्द धनराशि आ जाएगी।
बीईओ ने कहा की विद्यालय आपकी संपत्ति है, आपके बच्चे पढ़ते हैं इसलिए इसके रखरखाव पर भी ध्यान दिया जाए। कोई इसको नुकसान न पहुंचाए। एआरपी जगदीश चंद्र सागर और राजीव कुमार ने भी शासन की योजनाओं को अभिभावकों के सामने रखा।
उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में निजी विद्यालयों से अच्छी पढ़ाई हो रही है, अभिभावक गंभीरतापूर्वक अपने बच्चों पर ध्यान दें। चौपाल में इंचार्ज प्रधानाध्यापक गीता सिंह, हरिनंदन सिंह, संगीता रस्तोगी, प्रतिभा सिंह, श्वेता गुप्ता, राजीव कुमार, नमिता राठौर, सपना वासुदेवा आदि मौजूद रहे।