Budaun News: छात्र-छात्राओं को सफल उद्यमी बनने के लिए किया गया प्रेरित
राजकीय महाविद्यालय में विश्व उद्यमिता दिवस पर हुई संगोष्ठी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। राजकीय महाविद्यालय में स्थापित जिला रोजगार सृजन केंद्र, कैरियर काउंसलिंग व रोजगार प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर विचार गोष्ठी हुई। प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने छात्र-छात्राओं को सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया।
स्वावलंबी भारत के लिए नवाचार व स्टार्टअप के सफल क्रियान्वयन के लिए आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय महाविद्यालय सहसवान की हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. शुभ्रा माहेश्वरी ने किया। उन्होंने कहा कि उद्यमिता तब होती है, जब एक व्यक्ति अपने विचारों से नए उत्पाद या सेवा के साथ मौजूदा बाजार में स्थापित होने का पुरजोर प्रयास करता है।
जिला रोजगार सृजन केंद्र संयोजक डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि युवा जब दीर्घकालिक लक्ष्य को निर्धारित कर नया स्टार्टअप शुरू करता है तो असीमित सफलता मिलने की प्रबल संभावना रहती है। वाणिज्य शास्त्र के प्रभारी डॉ. पवन शर्मा ने कहा कि दीर्घकालिक दृष्टिकोण बहुत बड़ा होता है, उच्च लाभ की तलाश करना और नए-नए विचार के साथ बाजार में हिस्सेदारी करना आवश्यक है।
इस मौके पर डॉ. सतीश सिंह यादव, डॉ. संजीव राठौर, डॉ. प्रेमचंद चौधरी, डॉ. सूर्य प्रताप गौतम, डॉ. शुभ्रा शुक्ला, डॉ. नीति सक्सेना, डॉ. रजनी गुप्ता आदि मौजूद रहे।