Rampur News: मनरेगा के फर्जी भुगतान में प्रधान और सचिव सहित चार पर दर्ज होगी रिपोर्ट
रामपुर। विकास भवन में सोमवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं पंचायत विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें सीडीओ नंद किशोर कलाल ने वर्ष 2019-20 में बिलासपुर ब्लाॅक की ग्राम पंचायत बाहपुर गंगापुर में मनरेगा के अंतर्गत हुए फर्जी भुगतान के आरोप में ग्राम प्रधान सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट के आदेश हुए हैं।
सीडीओ ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित एवं संचालित समूहों को रिवाॅल्विंग फण्ड एवं सीआईएफ की धनराशि समय से जारी करने के लिए सभी पात्र समूहों का निर्धारित चैक प्वाइंटस पर सत्यापन कर तीन दिवस में रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। जिले में इस वर्ष ओडीएफ प्लस की कार्ययोजना में शामिल गांवां में तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश डीपीआरओ व बीडीओ को दिए। मनरेगा के अंतर्गत बिलासपुर की ग्राम पंचायत बाहपुर गंगापुर में वर्ष 2019-20 में फर्जी काम के भुगतान होने पर संबंधित ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक एवं रोजगार सेवक के खिलाफ एफआईआर के आदेश बीडीओ बिलासपुर को दिए गए हैं। इसके अलावा बैठक में पंचायत भवन में स्थापित जन सेवा केंद्र, लाईब्रेरी निर्माण, सामुदायिक शौचालय निर्माण एवं संचालन, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, नवजात बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, विद्यालयों का आॅपरेशन कायाकल्प, आरआरसी निर्माण आदि की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।