Budaun News: बसों में लगीं अतिरिक्त लाइट हटवाने पर चालकों का प्रदर्शन

रोडवेज वर्कशाॅप पर प्रदर्शन करते रोडवेज बस चालक। संवाद
बदायूं। रोडवेज वर्कशॉप में मंगलवार सुबह बसों की अतिरिक्त लाइटें हटवाने पर तमाम चालक फोरमैन के खिलाफ उतर आए। उन्होंने वर्कशॉप में प्रदर्शन कर दिया और नारेबाजी की। इससे वर्कशॉप में खलबली मच गई। चालकों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन बाद में पहुंचे एआरएम ने सभी चालकों को समझा बुझाकर शांत कराया और उनका सामान वापस दिलाया। इसके बाद चालक बसों को लेकर रवाना हुए।
मंगलवार सुबह करीब 15-20 चालक अपनी-अपनी बसों में छोटी-छोटी कमियों को दूर कराने पहुंचे थे। बताते हैं कि उनकी बसों में अलग से लाइटें लगी हुईं थीं। चालकों ने उन्हें अपने हित को ध्यान में रखते हुए अपना पैसा खर्च करके लगवाया था। जैसे ही फोरमैन ने बसों में अतिरिक्त लाइटों को देखा कि उन्होंने लाइटों को हटवाना शुरू कर दिया। एक-एक करके उन्होंने सभी बसों की लाइटें हटवा दीं।
इससे गुस्साए चालक फोरमैन के खिलाफ ही उतर आए। उन्होंने वर्कशॉप के अंदर ही हंगामा शुरू कर दिया। बाद में उन्होंने फोरमैन के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। सभी चालक बसों को न जाने पर अड़ गए। उन्होंने बसों को वर्कशॉप के परिसर में खड़ा कर दिया, जिससे वर्कशॉप की व्यवस्था बिगड़ गई। तो वहीं वर्कशॉप के स्टाफ में खलबली मच गई।
कुछ कर्मचारी उन्हें समझाने के लिए फोरमैन के कक्ष में ले गए, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़े रहे। काफी देर तक वर्कशॉप में हंगामा चलता रहा। बाद में इसकी सूचना पर एआरएम धणेंद्र कुमार चौबे पहुंच गए। उन्होंने सबसे पहले चालकों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उनकी परेशानी पूछी तो चालकों ने बताया कि बसों में अपनी सुविधा के लिए निजी खर्चे पर लाइटें लगवाई गई हैं। जब वह रूट पर चलते हैं तो तमाम ट्रक ऐसे मिलते हैं, जिनमें एक नहीं दस-दस लाइटें लगी होती हैं। जब वो ट्रक सामने से आते हैं तो चालकों को ज्यादा दिक्कत होती है। एआरएम ने सभी चालकों को लाइटें वापस करा दीं। उसके बाद कहीं मामला शांत हुआ।
सुबह फोरमैन ने बसों की अतिरिक्त लाइटें खुलवा दी थीं। वैसे नियम के अनुसार अतिरिक्त लाइट लगाना गलत है, लेकिन रोड पर तमाम ऐसे वाहन मिलते हैं, जिनमें कई-कई लाइटें लगी होती हैं। इससे चालकों को ज्यादा दिक्कत होती है। खैर चालकों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया है। उनकी लाइटें वापस करा दी गई हैं। – धणेंद्र कुमार चौबे, एआरएम