रामपुर

Rampur News: ढांग गिरने से रामगंगा में बह गया छात्र

Connect News 24

रामपुर। तहसील शाहबाद क्षेत्र के ढकुरिया गांव में सोमवार को चाचा के साथ रामगंगा में मछली पकड़ने गया कक्षा दो का छात्र आशकार (8) ढांग गिरने से नदी में बह गया। आसपास के लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर उसकी तलाश शुरू की। सूचना पर पहुंची एसडीएम सुनील कुमार ने एनडीआरएफ की टीम बुलाकर तलाश शुरू कराई, लेकिन रात तक बच्चे का सुराग नहीं लगा था।आशकार के पिता नासिर दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। सोमवार सुबह आशकार चाचा शाकिर के साथ मछली पकड़ने गया था। इस दौरान शाकिर मछली पकड़ रहे थे। आशकार नदी किनारे खड़ा था। नदी की तेजधार के चलते हुए किनारे की मिट्टी की ढांग गिर गई और आशकार तेज बहाव में बह गया।

बालक को डूबता देख चाचा शाकिर और अन्य लोगों ने नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी। हालांकि, सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर शाहबाद एसडीएम सुनील कुमार, सीओ केएन आनंद मौके पर पहुंच गए और गोताखोरों को बुलाकर उनकी सहायता से बालक को तलाशना शुरू कर दिया। बाद में एनडीआरएफ की टीम के जवानों को भी बुला लिया गया। एनडीआरएफ की टीम के जवान मोटरबोट के माध्यम से बालक को तलाश शुरू की। रात तक बालक का पता नहीं चला। बेटे के गायब होने पर मां चमन बदहवाश हो गईं। उनके एक बेटी इकरा है।

स्कूल में थी छुट्टी तो चाचा के साथ चला गया आशकार

आशकार कक्षा दो का छात्र है और गांव के ही प्राइमरी स्कूल में पढ़ता है। सोमवार को स्कूल में छुट्टी होने के कारण उसने मां से नदी पर जाने के लिए कहा। हालांकि, मां ने रोका पर वह नहीं माना और अपने चाचा के साथ मछली पकड़ने चला गया और वहां हादसे का शिकार हो गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button