बरेली

Bareilly News: शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए तोड़ा इमामबाड़ा, चार पर रिपोर्ट

Connect News 24

बरेली। किला थाना पुलिस ने क्षेत्र के कोहना सब्जी मंडी स्थित प्राचीन इमामबाड़ा को शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनाने के लिए ध्वस्त करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई प्रदेश के एक पूर्व मंत्री के आदेश पर की गई है। शुक्रवार को पुलिस ने काम रुकवा दिया।

इमामबाड़ा तुड़वाने वालों के खिलाफ एल-हक चैरिटेबल सोसाइटी के ट्रस्टी सैय्यद मुजम्मिल अब्बास नजाफी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि कुछ भूमाफिया इमामबाड़ा को निजी संपत्ति बताकर कॉम्पलेक्स और अपार्टमेंट बनवाने के लिए तुड़वा रहे हैं। इमामबाड़ा शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड लखनऊ में दर्ज है। वर्तमान में इमामबाड़ा के मुतवल्ली किला थाने के लीची बाग निवासी सैय्यद समीर रजा उर्फ बॉबी हैं। उनके साथ गोमती नगर लखनऊ पूर्वी निवासी ताहिर जैदी, बिल्डर नदीम जैदी और जुमा जैदी भी इमामबाड़ा को खुर्द-बुर्द कराने में शामिल हैं। इमामबाड़ा तुड़वाने का काम दो माह से चल रहा था।

नगर निगम ने 28 अगस्त को काम रुकवाया था, लेकिन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। आरोपी शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड और अधिकारियों को गुमराह कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने पर मामले में सैय्यद मुजम्मिल अब्बास नजाफी ने लखनऊ जाकर एक पूर्व मंत्री व भाजपा से जुड़े एमएलसी से शिकायत की थी। उन्होंने बरेली में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों से बात की। इसके बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किला इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि स्थान पूरी तरह सुरक्षित है। वह इमामबाड़ा है या कोई और धर्मस्थल, यह किसके आधिपत्य में है, इसकी पुष्टि जांच से होगी।

नगर निगम को गुमराह कर ली मरम्मत की अनुमति

आरोप है कि ताहिर जैदी और हुमा जैदी ने नगर निगम को गुमराह कर इमामबाड़ा की मरम्मत कराने की अनुमति ले ली थी। इसकी शिकायत नगर निगम और शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड से 25 अगस्त को की गई। आरोपियों ने शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड को भी गुमराह कर दिया। शिकायत किए जाने के बाद नगर निगम ने इमामबाड़ा में चल रहा काम रुकवा दिया था। सैय्यद मुजम्मिल अब्बास का कहना है कि इमामबाड़ा तोड़ने से शिया समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

वर्जन

किला थाने में शिकायत के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसके लिए किसी जनप्रतिनिधि ने मुझे कॉल नहीं की थी। आरोपी व वादी सभी एक ही समुदाय के हैं। पुलिस विवेचना के आधार पर कार्रवाई करेगी। – घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button